14 साल के वैभव पर हुई धनवर्षा, CM नीतीश ने थमाया 50 लाख का चेक, पटना में सम्मान समारोह

Vaibhav Suryavanshi: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अंडर-19 विश्व कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करने पर उन्हें 50 लाख रुपये का चेक और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया. यह सम्मान समारोह पटना स्थित मुख्यमंत्री आवास के संकल्प सभागार में आयोजित किया गया.

Vaibhav Suryavanshi: बिहार की माटी के लाल और भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी ने वह कर दिखाया है, जो सदियों तक याद रखा जाएगा. अंडर-19 विश्व कप 2026 में अपने बल्ले से आग उगलने वाले और भारत को छठी बार विश्व विजेता बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले वैभव को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज शाही सम्मानित किया.

पटना के ‘1 अणे मार्ग’ स्थित संकल्प सभागार में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने वैभव को 50 लाख रुपये का नकद पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र प्रदान किया.

विश्व कप जीत में बिहार के बेटे की अहम भूमिका

सम्मान समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि अंडर-19 विश्व कप में भारत की जीत में वैभव सूर्यवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही. उन्होंने कहा कि मेहनत और प्रतिभा के दम पर वैभव भारतीय क्रिकेट की नई उम्मीद बनकर उभरे हैं और आने वाले समय में वे देश के लिए नए कीर्तिमान स्थापित कर सकते हैं.

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बिहार सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए आधुनिक और विश्वस्तरीय खेल ढांचे का निर्माण कर रही है, ताकि राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें.

पटना का मुख्यमंत्री आवास आज एक ऐतिहासिक पल का गवाह बना. जैसे ही वैभव सूर्यवंशी अपने माता-पिता के साथ सभागार में पहुंचे, वहां मौजूद मंत्रियों और अधिकारियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका स्वागत किया. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वैभव की पीठ थपथपाते हुए कहा कि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर बिहार का मान बढ़ाया है.

अंडर-19 विश्व कप के दौरान इंग्लैंड के खिलाफ उनकी 175 रनों की तूफानी पारी ने यह साबित कर दिया कि बिहार की प्रतिभाओं को अगर सही अवसर मिले, तो वे दुनिया जीत सकते हैं. मुख्यमंत्री ने वैभव के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें भारतीय सीनियर टीम का हिस्सा बनने के लिए प्रोत्साहित किया

मेहनत और लगन से मिली विश्व कप की जीत

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने खेल के प्रति वैभव के समर्पण की सराहना की. उन्होंने कहा कि वैभव की बल्लेबाजी में जो परिपक्वता दिखी, वह उनकी कड़ी मेहनत का परिणाम है. वैभव ने पूरे टूर्नामेंट में न केवल सबसे अधिक रन बनाए, बल्कि 30 छक्के जड़कर एक नया कीर्तिमान भी स्थापित किया.

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में वैभव देश के लिए और भी कई बड़े टूर्नामेंट जीतेंगे और क्रिकेट जगत में बिहार का झंडा बुलंद करेंगे. वैभव के साथ इस मौके पर उनके परिवार की खुशी देखते ही बन रही थी, जिन्होंने उनके इस संघर्षपूर्ण सफर में साये की तरह साथ दिया.

दिग्गजों की मौजूदगी ने बढ़ाया वैभव का उत्साह

सम्मान समारोह केवल मुख्यमंत्री तक सीमित नहीं था, बल्कि राज्य के कई दिग्गज नेता इस खुशी के भागीदार बने. उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने भी वैभव को बधाई दी और उनके खेल की तकनीक की सराहना की.

खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, जो स्वयं एक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रही हैं, उन्होंने वैभव के प्रदर्शन को बिहार के खेल इतिहास का स्वर्णिम अध्याय बताया. बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने भी इस मौके पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और सरकार के इस कदम को खेल जगत के लिए एक ‘बूस्टर डोज’ करार दिया.

Also Read: पटना यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव स्थगित, 28 फरवरी का मतदान टला, आखिर क्यों लिया गया यह फैसला?

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >