Bihar Bus Service: दरभंगा और पूरे मिथिला क्षेत्र के यात्रियों के लिए राहत की खबर है. अब लंबी दूरी की यात्रा के लिए ट्रेन पर निर्भरता कम करने का विकल्प भी मिलेगा. बिहार राज्य पथ परिवहन निगम, दरभंगा ने दिल्ली समेत देश के कई प्रमुख शहरों के लिए अंतरराज्यीय बस सेवाओं की लिस्ट जारी की है. इन बसों से दरभंगा और मधुबनी को अयोध्या, रांची, गुरुग्राम, धनबाद, दिल्ली, बनारस-भदोही, टाटा, कूचबिहार और देवघर जैसे शहरों से जोड़ा गया है.
22 बसें, आधी एसी और आधी नॉन एसी
निगम की ओर से टोटल 22 डीजल बसों का संचालन किया जाएगा. इनमें 11 एसी और 11 नॉन एसी बसें शामिल हैं. इससे यात्रियों को अपनी सुविधा और बजट के हिसाब से बस चुनने का विकल्प मिलेगा.
दिल्ली जाने वालों के लिए किराया
दरभंगा से दिल्ली की करीब 1200 किलोमीटर दूरी के लिए अलग-अलग श्रेणियों का किराया तय किया गया है. डीलक्स बस का किराया 1700 रुपये, डीलक्स एसी का 2077 रुपये और वोल्वो बस का किराया 2470 रुपये रखा गया है.
अयोध्या और देवघर जाने वालों को भी सुविधा
धार्मिक यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए भी इन बस सेवाओं से सुविधा बढ़ेगी. दरभंगा से करीब 500 किलोमीटर दूर अयोध्या के लिए डीलक्स का किराया 707 रुपये, डीलक्स एसी का 861 रुपये और वोल्वो का 1025 रुपये है. जबकि मधुबनी से देवघर के लिए डीलक्स किराया 439 रुपये और वोल्वो का 638 रुपये निर्धारित किया गया है. मधुबनी से रांची के लिए किराया 672 से 975 रुपये तक है.
मधुबनी-टाटा और दरभंगा-धनबाद रूट पर भी बस सेवा उपलब्ध होगी. यात्रियों के लिए लंबी दूरी के इन मार्गों पर बस विकल्प बढ़ने से आवागमन आसान होने की उम्मीद है.
बिहार के 18 शहरों के लिए बस चलाने की योजना
इससे पहले भी खबर सामने आई थी कि दिल्ली सरकार बिहार के लगभग 18 प्रमुख शहरों तक सीधी बस सेवा शुरू करने की तैयारी में है. अगर दोनों राज्यों के बीच प्रस्तावित समझौते को मंजूरी मिल जाती है, तो दिल्ली से पटना ही नहीं, बल्कि पूर्णिया, अररिया और किशनगंज जैसे शहरों तक भी सीधे बस से पहुंचना संभव होगा.
दिल्ली परिवहन विभाग ने बिहार सरकार के सामने इंटर स्टेट रिसिप्रोकल ट्रांसपोर्ट एग्रीमेंट का प्रस्ताव रखा है. इस पहल का मकसद दिल्ली और बिहार के बीच लगातार बढ़ रही यात्रियों की संख्या को देखते हुए सार्वजनिक परिवहन के विकल्प बढ़ाना है.
Also Read: रेल यात्रियों के लिए अपडेट, बदल गया एक्सप्रेस का नंबर, इन स्पेशल ट्रेनों के फेरे भी बढ़े
