सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फिल्म 'द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' को लेकर इन दिनों चर्चा तेज है. फिल्म के प्रमोशन के लिए एकता कपूर समेत पूरी टीम पटना पहुंची, जहां उन्हें बिहार के लोगों से खूब प्यार और गर्मजोशी मिली. इस दौरान फिल्म की पूरी टीम ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की. मुलाकात के बाद एकता कपूर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर बिहार और यहां के लोगों से मिले प्यार के लिए आभार जताया.
बिहार के प्यार से अभिभूत हुईं एकता कपूर
एकता कपूर ने अपनी पोस्ट में लिखा कि बिहार और यहां के लोगों से मिले प्यार के लिए वह आभारी हैं. उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात को अपने लिए सम्मान की बात बताया. एकता ने कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री के साथ 'द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' की दुनिया साझा करने का मौका मिला. उन्होंने फिल्म की कहानी को बिहार की मिट्टी की आत्मा से जुड़ा बताया और टीम को मिले समर्थन और प्रोत्साहन के लिए धन्यवाद दिया. एकता की पोस्ट में फिल्म के बिहार से जुड़े कनेक्शन की झलक भी देखने को मिली.
CM सम्राट चौधरी से हुई खास मुलाकात
पटना दौरे के दौरान एकता कपूर ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से उनके आवास पर मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने फिल्म के बारे में उनसे बातचीत की और अपनी फिल्म की कहानी की दुनिया उनके सामने रखी. एकता ने इस मुलाकात की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर शेयर कीं.फिल्म की कहानी और उसका स्थानीय जुड़ाव देखते हुए पटना में यह प्रमोशनल दौरा टीम के लिए खास रहा. एकता ने अपने पोस्ट में मुख्यमंत्री से मिले समर्थन और प्रोत्साहन के लिए भी आभार जताया.
सिद्धार्थ-तमन्ना भी पहुंचे पटना
फिल्म के प्रमोशन के लिए सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया भी पटना पहुंचे. दोनों कलाकारों को देखने के लिए फैंस की भीड़ जुटी. इस दौरान फिल्म की टीम ने बिहार के स्थानीय रंग और संस्कृति को करीब से महसूस किया. सिद्धार्थ और तमन्ना ने बिहार के मशहूर लिट्टी-चोखा का स्वाद भी चखा. वहीं टीम ने पटना के प्रसिद्ध महावीर मंदिर में दर्शन किए. फिल्म के बिहार कनेक्शन को देखते हुए टीम का यह दौरा दर्शकों के बीच भी चर्चा में रहा.
बिहार की मिट्टी से जुड़ी है फिल्म की कहानी
'द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' की कहानी बिहार की लोककथाओं और स्थानीय संस्कृति से जुड़ी बताई गई है. फिल्म में करीब 400 साल पुराने वन देवी मंदिर और उससे जुड़ी लोक मान्यताओं को कहानी का हिस्सा बनाया गया है. इसके अलावा बिहार के महापर्व छठ को भी फिल्म में खास जगह दी गई है. यही वजह है कि फिल्म के प्रमोशन के लिए पटना पहुंचना टीम के लिए खास रहा. एकता कपूर ने भी अपनी पोस्ट में फिल्म की कहानी को “मिट्टी की आत्मा से जुड़ी” बताया है.
ये भी पढ़ें: Box Office Report: 'हनुमान अंश', 'मिर्जापुर', 'दायरा' या 'वाइब'... बॉक्स ऑफिस पर कौन हुआ चौपट और कौन बना सिकंदर?
