तेजस्वी का राजभवन मार्च: बैरिकेडिंग तोड़ी, वाटर कैनन चला, हिरासत में लिए गए, राज्यपाल से नहीं हुई मुलाकात, जानिए दिनभर क्या-क्या हुआ

Tejashwi Yadav Rajbhawan March: सीवान में छात्र आंदोलन के दौरान AK-47 से फायरिंग के आरोप को लेकर तेजस्वी यादव ने बुधवार को पटना में राजभवन मार्च किया. मार्च के दौरान बैरिकेडिंग तोड़ी गई, पुलिस ने वाटर कैनन चलाया और तेजस्वी-मीसा भारती को हिरासत में लिया गया. बाद में दोनों को छोड़ दिया गया, लेकिन राज्यपाल से मुलाकात नहीं हो सकी.

Tejashwi Yadav Rajbhawan March: बिहार के सीवान में छात्र आंदोलन के दौरान AK-47 से फायरिंग के आरोप को लेकर बुधवार को तेजस्वी यादव सड़क पर उतरे. RJD ने पटना में जेपी गोलंबर से राजभवन तक मार्च निकाला. करीब 5 किलोमीटर के इस मार्च में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए. मार्च के दौरान कई जगह पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई. डाकबंगला चौराहे पर बैरिकेडिंग तोड़ी गई. इसके बाद इनकम टैक्स चौराहे के पास पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया.

जेपी गोलंबर से शुरू हुआ मार्च

तेजस्वी यादव के नेतृत्व में राजभवन मार्च की शुरुआत जेपी गोलंबर से हुई. उनके साथ RJD सांसद मीसा भारती समेत पार्टी के कई नेता और हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे.

मार्च में सीवान की घटना को लेकर सरकार से जवाब मांगा गया. तेजस्वी ने छात्रों पर कथित फायरिंग के लिए जिम्मेदारी तय करने की मांग की. उन्होंने कहा कि जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होगी, आंदोलन जारी रहेगा.

डाकबंगला पर बैरिकेडिंग तोड़ी

मार्च आगे बढ़ते हुए डाकबंगला चौराहे तक पहुंचा. यहां पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी. तेजस्वी यादव और उनके समर्थक बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ गए.

इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई. कुछ कार्यकर्ताओं ने पुलिस की तरफ पानी की बोतलें फेंकीं. वहीं, कुछ लोग लकड़ी की AK-47 लेकर मार्च में पहुंचे थे.

इनकम टैक्स चौराहे पर वाटर कैनन

प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने इनकम टैक्स चौराहे के पास वाटर कैनन का इस्तेमाल किया. पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की.

ASP लॉ एंड ऑर्डर कृष्ण मुरारी प्रसाद ने जवानों को संयम बरतने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि झंडे का सम्मान रखा जाए और लाठी का इस्तेमाल समझदारी से किया जाए.

तेजस्वी और मीसा भारती हिरासत में

मार्च के दौरान पुलिस ने तेजस्वी यादव और RJD सांसद मीसा भारती को हिरासत में ले लिया. दोनों को सचिवालय थाना ले जाया गया. करीब एक घंटे बाद दोनों को छोड़ दिया गया. बाहर आने के बाद तेजस्वी ने साफ कहा कि वह जेल जाने से डरने वाले नहीं हैं.

उन्होंने कहा, “हमारे भगवान श्री कृष्ण का जन्म जेल में ही हुआ था. जो सत्ता में आया है, उसका जाना तय है.”

‘छात्रों पर AK-47 चलाने का आदेश किसने दिया?’

हिरासत से बाहर आने के बाद तेजस्वी यादव ने सरकार पर हमला बोला. उन्होंने सवाल उठाया कि छात्रों पर AK-47 चलाने का आदेश किसने दिया था. तेजस्वी ने कहा कि इस घटना की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए. जब तक मुख्यमंत्री जिम्मेदारी तय नहीं करते और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक RJD का संघर्ष जारी रहेगा.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

राजभवन पहुंचा RJD का प्रतिनिधिमंडल

तेजस्वी यादव के मार्च के बीच RJD का प्रतिनिधिमंडल लोक भवन पहुंचा. इस दौरान राज्यपाल वहां मौजूद नहीं थे. प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के सचिव को अपना ज्ञापन सौंपा.

ज्ञापन में छात्रों से जुड़े मुद्दों के अलावा परीक्षा व्यवस्था, रोजगार और कथित फायरिंग की घटना को लेकर कार्रवाई की मांग की गई.

मनोज झा बोले- ‘एक भी परीक्षा ईमानदारी से नहीं हो रही’

ज्ञापन सौंपने के बाद RJD नेता मनोज कुमार झा ने सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि छात्रों पर AK-47 चलाए जाने का आरोप गंभीर है. उन्होंने कथित हलफनामे और गोली चलने के मुद्दे पर भी सवाल उठाए. मनोज झा ने कहा कि गर्दनीबाग में छात्र लगातार बैठे हैं और परीक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल हैं.

उनका आरोप था कि सरकार ने शिक्षा और रोजगार के ढांचे को कमजोर कर दिया है. इन सभी मुद्दों को राज्यपाल के सचिव के सामने रखा गया है.

पांच साल बाद सड़क पर उतरे तेजस्वी

तेजस्वी यादव करीब पांच साल बाद किसी बड़े मुद्दे पर सड़क पर संघर्ष करते नजर आए. इससे पहले 2021 में बिहार सरकार के एक प्रस्ताव के विरोध में उन्होंने सड़क पर प्रदर्शन किया था.

इस बार छात्र आंदोलन और कथित AK-47 फायरिंग के मुद्दे ने RJD को सड़क पर उतरने का मौका दिया. दिनभर चले मार्च में पार्टी ने सरकार से जवाब और कार्रवाई की मांग की. वहीं, पुलिस ने भी सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग और बल की तैनाती की.

Also Read:  राज्यपाल से मुलाकात नहीं, सेक्रेटरी को सौंपा ज्ञापन, लोकभवन से बाहर निकला RJD का प्रतिनिधिमंडल


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिनंदन पांडेय

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >