Tejashwi Yadav: बिहार की राजनीति में गुरुवार की सुबह नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सूबे की एनडीए सरकार पर हमला बोलते हुए बिहार को ‘अनोखा और अनूठा’ प्रदेश करार दिया है.
तेजस्वी का यह तंज बिहार के विकास की उन हकीकतों पर आधारित है, जिन्हें लेकर वे अक्सर ‘डबल इंजन’ सरकार को कटघरे में खड़ा करते रहे हैं. सोशल मीडिया पर उनकी यह पोस्ट अब तेजी से वायरल हो रही है,जिसने सत्ता पक्ष की ‘सुशासन’ वाली छवि पर कई सवाल दाग दिए हैं.
अनोखा प्रदेश बताकर सरकार पर निशाना
तेजस्वी यादव ने अपने पोस्ट में लिखा कि बिहार में वर्षों से एनडीए की डबल इंजन सरकार है, लेकिन इसके बावजूद राज्य विकास के लगभग सभी पैमानों पर पिछड़ा हुआ है. उन्होंने कहा कि गरीबी, बेरोजगारी, अपराध, पलायन और बहुआयामी गरीबी जैसे कई मामलों में बिहार देश में सबसे पीछे बताया जाता है.
उनके अनुसार शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के मामले में भी बिहार की स्थिति चिंताजनक है. उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में प्रति व्यक्ति आय, निवेश और उपभोग जैसे आर्थिक सूचकांक भी देश में सबसे कम हैं.
शिक्षा और रोजगार को लेकर भी उठाए सवाल
तेजस्वी यादव ने अपने बयान में शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि बिहार में स्कूल ड्रॉप आउट की संख्या ज्यादा है और साक्षरता दर भी देश में सबसे कम मानी जाती है.
इसके साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में औद्योगिक इकाइयों की संख्या कम है और रोजगार के अवसर सीमित हैं. यही वजह है कि बड़ी संख्या में लोग दूसरे राज्यों में काम की तलाश में पलायन करते हैं.
महंगाई पर भी कसा तंज
तेजस्वी यादव ने अपने पोस्ट में महंगाई का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि बिहार में गैस, बिजली और पेट्रोल-डीजल की कीमतें आम लोगों पर भारी पड़ रही हैं. इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी दावा किया कि कई जगहों पर जमीन और प्रॉपर्टी की कीमतें दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े शहरों से भी ज्यादा हो गई हैं.
तेजस्वी यादव ने एनडीए सरकार के ‘सुशासन’ के दावे पर भी तंज कसा. उनका कहना है कि 21 वर्षों के शासन के बाद भी यदि बिहार विकास के अधिकांश मानकों में पीछे है तो इसके लिए जिम्मेदारी तय होनी चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक दल केवल सत्ता का आनंद लेने में लगे हैं, जबकि राज्य के विकास के सवाल पर जवाबदेही तय नहीं हो रही.
Also Read: बिहार में चोरी हुआ रेलवे ब्रिज दो महीने बाद बरामद, तालाब में छिपाकर रखा था, पुलिस ने तीन को दबोचा
