सुपौल : सदर थाना क्षेत्र के चैनसिंहपट्टी वार्ड संख्या-02 में शुक्रवार सुबह धान के खेत (चउर) में 25 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान नथनी सादा के पुत्र डोमा सादा के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई, जबकि परिजनों में कोहराम मच गया.
मछली पकड़ने की बात कहकर निकला था घर से.
परिजनों ने बताया कि गुरुवार रात डोमा सादा घर से यह कहकर निकला था कि वह मछली पकड़ने जा रहा है. देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला.
धान रोपने गई महिलाओं ने देखा शव.
शुक्रवार सुबह गांव की कुछ महिलाएं धान रोपने के लिए खेत की ओर गईं. इस दौरान उन्होंने चउर में एक युवक को अचेत अवस्था में पड़ा देखा. पास जाकर पहचान करने पर वह डोमा सादा निकला. इसकी सूचना तुरंत परिजनों और पुलिस को दी गई.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव.
सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था मृतक.
परिजनों के अनुसार, डोमा सादा परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था. उसके परिवार में पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री हैं. उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. गांव में भी शोक का माहौल है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा.
सदर थानाध्यक्ष राम सेवक रावत ने बताया कि युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. यदि जांच में किसी प्रकार की संदिग्ध परिस्थिति या आपराधिक तथ्य सामने आते हैं तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें : सड़क हादसे में घायल प्रभारी प्रधान शिक्षक की इलाज के दौरान मौत, पसरा मातम
