World Population Day 2026: वीरपुर (सुपौल), प्रमोद कुमार। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शनिवार को वीरपुर अनुमंडल अस्पताल प्रशासन की ओर से जनसंख्या नियंत्रण और परिवार नियोजन को लेकर जागरूकता रैली निकाली गई. रैली में अस्पताल के जीएनएम, स्वास्थ्यकर्मियों और एएनएम स्कूल की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
रैली अनुमंडल अस्पताल परिसर से शुरू होकर गोल चौक होते हुए पुनः अस्पताल परिसर पहुंची. इस दौरान प्रतिभागियों ने जनसंख्या नियंत्रण, छोटे परिवार और परिवार नियोजन को बढ़ावा देने वाले स्लोगन लगाए. लोगों को बढ़ती आबादी के दुष्प्रभाव और जनसंख्या स्थिरीकरण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया.
नुक्कड़ नाटक के जरिए किया जागरूक
गोल चौक पर एएनएम स्कूल की छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को परिवार नियोजन के स्थायी और अस्थायी उपायों की जानकारी दी. नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि छोटे परिवार से बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा और जीवन स्तर सुनिश्चित किया जा सकता है.
World Population Day 2026: परिवार नियोजन अपनाने की अपील
अनुमंडल अस्पताल के प्रबंधक अविनाश कुमार ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 11 जुलाई को विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं. इस वर्ष भी जनसंख्या स्थिरीकरण को केंद्र में रखकर लोगों को परिवार नियोजन के प्रति जागरूक किया गया.
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों का अधिक से अधिक उपयोग कर बढ़ती आबादी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है. इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को जागरूक कर स्वस्थ और संतुलित समाज का निर्माण करना है.
कार्यक्रम में अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मियों, जीएनएम तथा एएनएम स्कूल की छात्राओं की सक्रिय भागीदारी रही.
Also Read: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगा गंगाजल: 15 करोड़ की लागत से बिछेगी पाइपलाइन, अगले महीने होगा काम
Also Read: बिहार के इन 17 जिलों में आज गरज-चमक के साथ होगी भारी बारिश, IMD ने जारी किया डबल अलर्ट
