कंटेनर व बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत, बाइक के उड़े परखच्चे

कंटेनर चालक मौके से हुआ फरार

– एक युवक की हालत नाजुक – मधेपुरा जिले के थे दोनों मृतक – कंटेनर चालक मौके से हुआ फरार जदिया. अररिया-भपटियाही एनएच-327ई पथ पर मंगलवार देर शाम पाण्डेयपट्टी स्थित गया चौक के समीप कंटेनर और बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गयी, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी और देर रात तक लोगों की भीड़ जुटी रही. घटना के संबंध में बताया जाता है कि डब्ल्यूबी 73 एन/3187 नंबर की कंटेनर जदिया से रानीगंज की ओर जा रही थी, जबकि बीआर 43 एस/1872 नंबर की बाइक पर सवार तीनों युवक रानीगंज की ओर से जदिया की तरफ आ रहे थे. इसी दौरान पाण्डेयपट्टी गया चौक के समीप दोनों वाहनों में जोरदार भिड़ंत हो गयी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गये और तीनों युवक सड़क पर गिर गये. हादसे की आवाज सुन दौड़ पड़े लोग हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घटना स्थल की ओर दौड़ पड़े. कुछ ही देर में वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गयी. स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को संभाला और तत्काल जदिया थाना पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष नंदकिशोर नंदन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज पहुंचाया. अनुमंडलीय अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक संजीव कुमार सुमन ने प्राथमिक उपचार के दौरान एक युवक को मृत घोषित कर दिया. वहीं दो अन्य घायलों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मधेपुरा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, लेकिन अस्पताल से बाहर ले जाने की तैयारी के दौरान ही करीब आधे घंटे के भीतर दूसरे युवक ने भी दम तोड़ दिया. इससे अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गयी. तीसरे घायल युवक की पहचान श्रीनगर थाना क्षेत्र के पूरेनी वार्ड-11 निवासी मो मतिम के पुत्र मो साहब (20 वर्ष) के रूप में हुई है. उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. मधेपुरा मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक इलाज के बाद परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए सहरसा ले गये हैं. परिवार के लोग उसकी सलामती के लिए दुआ कर रहे हैं. दुर्घटना में मृत दोनों युवकों की पहचान मधेपुरा जिले के सिंघेश्वर थाना क्षेत्र के मनहारा सूखासन वार्ड-11 निवासी मो एकलाक के पुत्र मो अरमान (16 वर्ष) व श्रीनगर थाना क्षेत्र के पुरैनी निवासी मो आलम के पुत्र शहवाज आलम शेख (21 वर्ष) के रूप में हुई है. दोनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही उनके घरों में मातम पसर गया. थानाध्यक्ष नंदकिशोर नंदन ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. दुर्घटना में शामिल कंटेनर और बाइक को जब्त कर लिया गया है. चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. दुर्घटना का संभावित स्थल बन चुका है गया चौक स्थानीय लोगों ने बताया कि पाण्डेयपट्टी गया चौक दुर्घटना संभावित स्थल बन चुका है. यहां तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही, मोड़ पर पर्याप्त संकेतक का अभाव और रात में कम रोशनी के कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं. लोगों का कहना है कि जदिया से जेबीसी चौक तक कई खतरनाक मोड़ हैं, लेकिन कहीं भी रेडियम रिफ्लेक्टर, चेतावनी बोर्ड या पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं है. अंधेरा होते ही यह हाईवे डेथ ट्रैप में बदल जाता है. ग्रामीणों ने प्रशासन और हाईवे विभाग से पाण्डेयपट्टी गया चौक समेत पूरे मार्ग पर स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड, रेडियम रिफ्लेक्टर, हाईमास्ट लाइट और नियमित गश्ती की व्यवस्था करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा के ठोस उपाय नहीं किये गये तो आगे भी ऐसे दर्दनाक हादसे होते रहेंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

RAJEEV KUMAR JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >