छिनतई के क्रम में दो बदमाश देसी कट्टा के साथ गिरफ्तार

पीड़ित की सूझबूझ से अपराधियों की मंशा विफल हो गई

जदिया. थाना क्षेत्र के गोविंदपुर नहर साइफन के पास बुधवार की रात देसी कट्टा के बल पर छिनतई की कोशिश का मामला सामने आया है. हालांकि पीड़ित की सूझबूझ से अपराधियों की मंशा विफल हो गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है. दर्ज प्राथमिकी में अररिया जिला के भरगामा थाना क्षेत्र के गम्हरिया वार्ड नंबर-13 निवासी कुमोद कुमार ने बताया है कि बुधवार रात करीब 9:30 बजे बाइक से किराना सामान लेकर घर लौट रहे थे. इसी दौरान पहले से घात लगाए दो युवकों ने गोविंदपुर नहर साइफन के पास उनकी बाइक रोक ली और देशी कट्टा तानकर रुपये की मांग करने लगे. विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई. इसी बीच हरिनाहा हाट की ओर से आ रही दो बाइक की रोशनी देख पीड़ित ने हिम्मत दिखाते हुए कट्टा ताने युवक को पकड़ लिया. हालांकि उसका दूसरा साथी मौके से फरार हो गया. बाद में पकड़े गए युवक को ग्रामीणों के सहयोग से गोविंदपुर हाट लाया गया, जहां भीड़ जुट गई. इसी अफरातफरी में आरोपी हाथ छुड़ाकर भाग निकला. ग्रामीणों ने आरोपी की पहचान गोविंदपुर वार्ड नंबर-01 निवासी मिट्ठू साह के रूप में की और इसकी सूचना जदिया पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच करते हुए पीड़ित द्वारा सौंपे गए देशी कट्टा को जब्त कर लिया. इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया तथा उसके निशानदेही पर एक अन्य आरोपी राहुल कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया. थानाध्यक्ष नंद किशोर नंदन ने बताया कि मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में सुपौल भेज दिया गया है. साथ ही एक तीसरे अज्ञात आरोपी की भी संलिप्तता सामने आई है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >