मरौना प्रखंड मुख्यालय को जोड़ने वाली सड़क जर्जर, आवागमन में हो रही परेशानी

वाहन चालकों के बीच हादसे की बनी रहती है संभावना

– वाहन चालकों के बीच हादसे की बनी रहती है संभावना निर्मली. अंबेडकर चौक से मरौना प्रखंड मुख्यालय बेलही जाने वाली मुख्य सड़क की हालत बेहद जर्जर हो चुकी है. सड़क लंबे समय से गड्ढों में तब्दील है. जिससे रोज़ाना इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. सड़क की बदहाली के कारण दोपहिया वाहन चालक सबसे अधिक प्रभावित है. जगह-जगह बने गड्ढों के कारण बाइक सवार अनियंत्रित होकर गिर रहे हैं, जिसमें कई लोग घायल भी हो चुके हैं. वहीं चार पहिया वाहनों और मालवाहक गाड़ियों को भी इस मार्ग पर चलना मुश्किल हो गया है. इस सड़क की खराब स्थिति का असर खाद्य आपूर्ति विभाग के वाहनों के साथ-साथ प्रखंड कार्यालय से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी पड़ रहा है. उन्हें रोज़ाना इसी जर्जर सड़क से होकर कार्यालय आना-जाना पड़ता है, जिससे उनके कामकाज में बाधा उत्पन्न हो रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सड़क मरौना प्रखंड को जोड़ने वाली प्रमुख मार्ग है. इसके बावजूद अब तक विभागीय स्तर पर इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है. प्रशासन की उदासीनता को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. ग्रामीणों और स्थानीय व्यवसायियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत या पुनर्निर्माण कराने की मांग की है. ताकि आवागमन सुचारू हो सके और लोगों को राहत मिल सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajeev kumar jha

राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >