Supaul News: सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल में शनिवार को 'टीबी मुक्त भारत' अभियान के तहत निक्षय पोषण योजना के अंतर्गत 10 टीबी मरीजों को पोषण आहार किट वितरित की गई. कार्यक्रम में चिकित्सकों, स्वास्थ्य प्रबंधक और स्वास्थ्यकर्मियों ने निक्षय मित्र की भूमिका निभाते हुए अपने स्तर से मरीजों को फूड एवं पौष्टिक किट उपलब्ध कराई.
कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. उमेश कुमार ने की. इस अवसर पर डीसीएलआर संस्कार रंजन भी मौजूद रहे. अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य टीबी मरीजों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना और समाज में इस बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना था.
मरीजों को दी गई पौष्टिक खाद्य सामग्री
निक्षय पोषण योजना के तहत वितरित फूड किट में राजमा, चना, अंडा, चना दाल सहित अन्य पौष्टिक खाद्य सामग्री शामिल थी.
स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि टीबी मरीजों के लिए संतुलित और पौष्टिक भोजन उपचार प्रक्रिया को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.
नियमित दवा और पोषण दोनों जरूरी
उपाधीक्षक डॉ. उमेश कुमार ने कहा कि टीबी का उपचार पूरी तरह संभव है, बशर्ते मरीज नियमित रूप से दवा लें और पर्याप्त पौष्टिक आहार का सेवन करें.
उन्होंने कहा कि टीबी के खिलाफ लड़ाई केवल अस्पतालों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के सक्षम और जागरूक लोगों को भी निक्षय मित्र बनकर मरीजों की मदद के लिए आगे आना चाहिए.
अनुमंडल क्षेत्र में 85 मरीजों का इलाज जारी
डॉ. उमेश कुमार ने जानकारी दी कि त्रिवेणीगंज अनुमंडल क्षेत्र में वर्तमान में 85 टीबी मरीज उपचाररत हैं.
उन्होंने कहा कि सरकार की निक्षय पोषण योजना और सामुदायिक सहयोग के माध्यम से मरीजों को बेहतर पोषण और समय पर उपचार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है.
Supaul News: टीबी मुक्त अनुमंडल बनाने का लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों ने समाज में टीबी के प्रति जागरूकता फैलाने और त्रिवेणीगंज अनुमंडल को टीबी मुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प भी लिया.
कार्यक्रम में पीएचसी प्रभारी डॉ. सुमन कुमारी, स्वास्थ्य प्रबंधक एस. अदीव, इश्तियाक अहमद सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे.
