Supaul Road Accident: सुपौल से रोशन सिंह की रिपोर्ट. सदर थाना क्षेत्र के परसरमा-जगतपुर मार्ग पर सिमरा चौक के समीप हुए इस भीषण सड़क हादसे में बैरों वार्ड संख्या-09 निवासी 26 वर्षीय शिवकुमार यादव की मौके पर ही मौत हो गयी.
वहीं उनके साले रौशन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गये, जिनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गयी और परिजनों के आक्रोश के कारण करीब दो घंटे तक सड़क जाम रहा.
शादी के दो साल बाद उजड़ गया परिवार
शिवकुमार यादव की शादी दो वर्ष पहले हुई थी और उनकी चार माह की एक मासूम बेटी है. गुरुवार को वह अपने ससुराल करजाइन बाजार के गौसपुर से लाउड विशनपुर स्थित अपनी साली के ससुराल जा रहे थे. इसी दौरान सिमरा चौक के पास बांस लदे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शिवकुमार यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि पीछे बैठे रौशन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना के बाद आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गयी.
हादसे के बाद सड़क पर फूटा गुस्सा
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे. गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया.
सूचना मिलते ही सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया. करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद लोगों ने सड़क जाम समाप्त किया.
पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर शुरू की जांच
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. हादसे में शामिल ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया गया है. सदर थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है. चार माह की बच्ची के सिर से पिता का साया उठ जाने की खबर सुनकर गांव में भी शोक का माहौल है.
Also Read: पटना में आज : जानें PMCH में OPD में कौन डॉक्टर रहेंगे
