सुपौल. समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में शुक्रवार को डीएम सावन कुमार की अध्यक्षता में बाढ़ एवं सुखाड़ की पूर्व तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक में जल संसाधन विभाग के सभी छह प्रमंडलों के कार्यपालक अभियंताओं एवं संबंधित पदाधिकारियों के साथ बिंदुवार समीक्षा की गई.
समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में बाढ़ पूर्व कराए जाने वाले सभी आवश्यक कटाव निरोधी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे कर लिए गए हैं.
संवेदनशील स्थलों की नियमित निगरानी के निर्देश
डीएम ने सभी कार्यपालक अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्र के संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों का नियमित रूप से स्वयं निरीक्षण करने का निर्देश दिया. उन्होंने प्रत्येक स्थल पर उपस्थिति पंजी संधारित करने तथा निरीक्षण का विधिवत रिकॉर्ड रखने को कहा, ताकि निगरानी व्यवस्था प्रभावी बनी रहे.
पश्चिमी तटबंध पर चौबीसों घंटे निगरानी
डीएम ने अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) को पश्चिमी तटबंध पर 24 घंटे सतत एवं सघन निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही जल संसाधन विभाग के सभी प्रमंडलों में नियमित मॉनिटरिंग जारी रखने को कहा, ताकि किसी भी संभावित बाढ़ की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके.
एसडीओ को लगातार क्षेत्र भ्रमण का निर्देश
बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के बाढ़ प्रभावित एवं संवेदनशील स्थानों का लगातार निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया. किसी भी प्रतिकूल परिस्थिति की सूचना तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष को देकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया.
लापरवाही पर होगी जवाबदेही तय
डीएम सावन कुमार ने कहा कि बाढ़ एवं सुखाड़ जैसी आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें. उन्होंने स्पष्ट किया कि आपदा प्रबंधन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधित पदाधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी.
बैठक में उप विकास आयुक्त सारा अशरफ, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) मो. तारिक, अपर समाहर्ता सच्चिदानंद सुमन, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी चंद्रभूषण कुमार, जल संसाधन विभाग के सभी कार्यपालक अभियंता, संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी, बाढ़ प्रभावित अंचलों के अंचलाधिकारी सहित जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे.
ALSO READ : सुपौल के परसरमा में मासूम की हत्या, DIG ने पीड़ित परिवार से मिलकर दिया सख्त कार्रवाई का भरोसा
