सुपौल में धरहरा के बाबा भीमशंकर मंदिर में सोमवारी पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 370 सुरक्षाकर्मी और वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू

सुपौल के बाबा भीमशंकर मंदिर में सावन सोमवारी को लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है. प्रशासन ने सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और सुचारु जलाभिषेक के लिए व्यापक तैयारियां की हैं, जिसमें 370 सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे.

Supaul News: सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड स्थित प्रसिद्ध बाबा भीमशंकर मंदिर में सावन की सोमवारी पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह हाई अलर्ट पर है. श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु जलाभिषेक, भीड़ नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. इस बार मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में कुल 370 सुरक्षाकर्मी मोर्चा संभालेंगे.

शनिवार को मंदिर परिसर स्थित धर्मशाला में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता वीरपुर एसडीएम और मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष विनय कुमार ने की.

अधिकारियों को दी गई विस्तृत जिम्मेदारियां

बैठक में डीएसपी सुरेंद्र कुमार, डीसीएलआर मृत्युंजय कुमार, बीडीओ सत्येंद्र कुमार, अंचलाधिकारी सह मंदिर न्यास समिति की उपाध्यक्ष रश्मि प्रिया, आरओ आकांक्षा कुमारी और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दीपनारायण राम सहित सभी प्रतिनियुक्त अधिकारी मौजूद रहे.

अधिकारियों को उनके ड्यूटी स्थल की जानकारी देने के साथ भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक संचालन और आपातकालीन स्थिति से निपटने के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए.

370 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती

एसडीएम विनय कुमार ने बताया कि प्रत्येक सोमवारी के लिए 60 मजिस्ट्रेट, 60 पुलिस पदाधिकारी और 250 अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है.

उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से समझा दी गई हैं और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी.

ड्रॉप गेट और संवेदनशील स्थलों पर विशेष सुरक्षा

डीएसपी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि मंदिर परिसर के सभी ड्रॉप गेट और संवेदनशील स्थानों पर मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा.

पूरी सुरक्षा व्यवस्था इस तरह तैयार की गई है कि श्रद्धालुओं को बिना किसी परेशानी के जलाभिषेक का अवसर मिल सके और भीड़ पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके.

मंदिर तक जाने वाले मार्गों पर बैरिकेडिंग

अंचलाधिकारी एवं मंदिर न्यास समिति की उपाध्यक्ष रश्मि प्रिया ने बताया कि इस बार श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर तक आने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है.

गणपतगंज बाजार, नहर पुल, तिमोर, गद्दी मार्ग, केएन डिग्री कॉलेज, किसान चौक, राम जानकी ठाकुरबाड़ी, सरकारी पोखर और पावर ग्रिड की ओर से आने वाले रास्तों पर विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि भीड़ को व्यवस्थित ढंग से संचालित किया जा सके.

पार्किंग और ट्रैफिक प्लान लागू

प्रशासन ने तिमोर के पास वाहन पार्किंग की व्यवस्था की है. यहां से आगे श्रद्धालुओं को पैदल ही मंदिर तक जाना होगा.

गणपतगंज से मंदिर जाने वाले मुख्य मार्ग पर केवल मोटरसाइकिल और ई-रिक्शा के परिचालन की अनुमति रहेगी, जबकि अन्य सभी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी.

सोमवारी के दौरान वन-वे ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है. गणपतगंज से आने वाले वाहन केवल मंदिर की ओर जाएंगे, जबकि वापसी के लिए धरहरा मुख्य सड़क, ब्राह्मण टोला और केएन डिग्री कॉलेज होकर निर्धारित मार्ग का उपयोग करना होगा.

वार रूम से होगी 24 घंटे निगरानी

प्रशासन ने मां बाबूजी धर्मशाला में एक वार रूम बनाया है, जहां से पूरे मेला क्षेत्र की 24 घंटे निगरानी की जाएगी.

CCTV कैमरों के माध्यम से भीड़, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके.

Supaul News: श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील

बैठक के अंत में प्रशासन ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों, बैरिकेडिंग और ट्रैफिक व्यवस्था का पालन करें.

अधिकारियों ने कहा कि सभी के सहयोग से ही सावन की प्रत्येक सोमवारी शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकेगी.

Also Read: Bypass Project In Bihar: बिहार को मिलेंगे 7 नए बाइपास, लंबी दूरी के लिए मिलेगा वैकल्पिक रूट, जानिए कहां-कहां बनेंगे

Also Read: Akash Deep Mukesh Kumar DSP: ऐसा नहीं करने पर क्रिकेटर आकाशदीप और मुकेश की नौकरी पड़ सकती है खतरे में, जानिए क्या है शर्त


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आशुतोष झा

आशुतोष झा प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अपराध, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं. राघोपुर (सुपौल) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >