कोसी नदी के जलस्तर में में अचानक वृद्धि से हड़कंप, तटबंध पर बढ़ी चौकसी

नेपाल के पहाड़ी क्षेत्रों में हुई भारी बारिश का दिखा असर

प्रतिनिधि, वीरपुर. नेपाल के पहाड़ी क्षेत्रों में हुई भारी बारिश के कारण कोसी नदी के जलस्तर में बुधवार रात तेज बढ़ोतरी देखी गयी. रात करीब आठ बजे कोसी का जलस्तर बढ़कर 01 लाख 94 हजार 635 क्यूसेक तक पहुंच गया. इससे कोसी बराज के 56 में से 26 फाटकों को खोलना पड़ा. हालांकि राहत की बात यह रही कि रात के बाद जलस्तर में गिरावट आने लगी और गुरुवार शाम 04 बजे तक यह घटकर 01 लाख 34 हजार 285 क्यूसेक पर स्थिर हो गया. फिलहाल बराज के 18 फाटक खुले हुए हैं. वहीं, बराहक्षेत्र (नेपाल) में कोसी का जलस्तर 94 हजार 775 क्यूसेक दर्ज किया गया है, जिसे इस वर्ष का सर्वाधिक जलस्तर माना जा रहा है. महज छह घंटे में जलस्तर में करीब 62 हजार क्यूसेक की वृद्धि दर्ज की गयी, जो कोसी नदी के स्वभाव के अनुसार अत्यंत संवेदनशील स्थिति मानी जाती है. ऐसी स्थिति में जलस्तर घटने के बाद कटाव की आशंका बढ़ जाती है. इसी क्रम में, पूर्वी कोसी तटबंध प्रमंडल 02 के 04 किमी से 5.30 किमी के बीच स्थित कनेक्टिंग बांध की स्थिति जीर्ण-शीर्ण हो गयी थी. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फ्लड फाइटिंग फोर्स के चेयरमैन के परामर्श व बाढ़ नियंत्रण एवं जल निःसरण विभाग के मुख्य अभियंता के निर्देश पर तत्काल राहत व मरम्मत कार्य कर स्थल को सुरक्षित किया गया. मुख्य अभियंता ई वरुण कुमार ने बताया कि जलस्तर में अचानक तेज बढ़ोतरी जरूर हुई, पर फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है. दोनों ही तटबंधों के स्पर व स्ट्रक्चर पूरी तरह सुरक्षित हैं. मौके पर कर्मी तैनात हैं और हर क्षण स्थिति की निगरानी कर रहे हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >