– तेज बवंडर से मचा हड़कंप, कच्चे मकानों को भारी नुकसान; मुआवजे की आस में प्रभावित परिवार छातापुर. शनिवार की देर शाम आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने छातापुर मुख्यालय सहित प्रखंड क्षेत्र के कई इलाकों में भारी तबाही मचा दी. तेज रफ्तार हवा और बवंडर के कारण कई लोगों के आशियाने उजड़ गए, जबकि दर्जनों कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचा है. आंधी के दौरान उड़कर गए टीन और चदरे जहां-तहां जा गिरे, वहीं एक चदरा हाईटेंशन तार से टकरा गया, जिससे तार में आग लग गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. करीब एक घंटे तक चली तेज आंधी और बारिश के दौरान लोगों में दहशत का माहौल बना रहा. प्रखंड क्षेत्र के कई गांवों से पेड़ गिरने, बिजली पोल क्षतिग्रस्त होने और कच्चे घरों के टूटने की सूचना मिली है. हालांकि मौसम विभाग की पूर्व चेतावनी को देखते हुए विद्युत विभाग सतर्क रहा और समय रहते बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया. आंधी-बारिश थमने के कुछ घंटे बाद मुख्यालय सहित अधिकांश फीडरों में बिजली सेवा बहाल कर दी गई. दलहन और मक्के की फसल को भी नुकसान आंधी और बारिश का असर खेतों में लगी फसलों पर भी पड़ा है. किसानों ने बताया कि दलहन और मक्के की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है. तेज हवा के कारण कई खेतों में फसलें जमीन पर बिछ गई हैं, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है. मुख्यालय पंचायत के वार्ड संख्या-11 में मंजु देवी, पति नारायण मुखिया का आवासीय घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. मंजु देवी ने बताया कि संयोगवश इस आपदा में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन घर उजड़ जाने से परिवार के सामने रहने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है. इसके अलावा मुकेश मुखिया, पवित्र मुखिया, परसादी मुखिया, कुंदन मुखिया, सचिंदर मुखिया, सूरज मुखिया और मिश्री मुखिया के घरों को भी आंशिक क्षति पहुंची है. प्रशासनिक मदद का इंतजार उपमुखिया संजीव सहनी सहित स्थानीय लोगों ने बताया कि रविवार सुबह जगह-जगह तबाही का मंजर देखने को मिला. प्रभावित परिवार अपने उजड़े आशियाने और हुए नुकसान से बेहद चिंतित हैं तथा प्रशासन से मुआवजे की उम्मीद लगाए बैठे हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के कई घंटे बाद तक कोई प्रशासनिक अधिकारी या कर्मी नुकसान का जायजा लेने नहीं पहुंचा था. हालांकि इस संबंध में अंचलाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि कई जगहों से गृहक्षति की सूचना मिली है. स्थलीय निरीक्षण और नुकसान के आकलन के लिए राजस्व कर्मियों को भेजा गया है.
छातापुर में आंधी-बारिश का कहर: कई घर उजड़े, पेड़ गिरे, हाईटेंशन तार में लगी आग
तेज बवंडर से मचा हड़कंप, कच्चे मकानों को भारी नुकसान
