SUPAUL : मजदूरी विवाद में अपहरण’ का खुलासा, सुपौल से सुखालाल मेहता सकुशल बरामद
थाना क्षेत्र के डुमरी पंचायत अंतर्गत सरहोचिया गांव में मजदूरी के पैसे के लेन-देन को लेकर दर्ज अपहरण मामले का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया.
राघोपुर (सुपौल) से आशुतोष झा की रिपोर्ट :
थाना क्षेत्र के डुमरी पंचायत अंतर्गत सरहोचिया गांव में मजदूरी के पैसे के लेन-देन को लेकर दर्ज अपहरण मामले का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया. पुलिस ने अपहृत बताए गए सुखालाल मेहता को सुपौल से सकुशल बरामद कर लिया है. मामले की जानकारी वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने राघोपुर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में दी. एसडीपीओ ने बताया कि 06 मई की शाम सरहोचिया गांव में नवनिर्मित पंचायत भवन के समीप पंचायत प्रवेश द्वार निर्माण कार्य चल रहा था. इसी दौरान मजदूरी भुगतान को लेकर सुखालाल मेहता और बलदेव यादव के बीच विवाद हो गया, जो धीरे-धीरे गंभीर रूप ले लिया. घटना के अगले दिन 07 मई को सुखालाल मेहता की पत्नी कविता देवी ने राघोपुर थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया कि उनके पति का बलदेव यादव एवं अन्य लोगों ने हत्या की नीयत से अपहरण कर लिया है. आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू कर दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष अमित कुमार राय के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम गठित की गई. टीम ने तकनीकी अनुसंधान, गुप्त सूचना और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी करते हुए सुखालाल मेहता को सुपौल से सुरक्षित बरामद कर लिया.
एसडीपीओ ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है. विवाद की वास्तविक वजह, अन्य लोगों की भूमिका और अपहरण से जुड़े तथ्यों की जांच के बाद दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. छापामारी दल में अपर थानाध्यक्ष स्वीटी कुमारी सहित कई पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल शामिल थे.