– कहा अपराध नियंत्रण होगी पहली प्राथमिकता सुपौल. जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में सुपौल सदर अनुमंडल को नए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) के रूप में राजीव रंजन मिले हैं. 2018 बैच के तेजतर्रार पुलिस अधिकारी राजीव रंजन ने शुक्रवार को औपचारिक रूप से अपना पदभार ग्रहण कर लिया. पदभार संभालते ही उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त एवं विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी. आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी. बताया जाता है कि सुपौल आने से पूर्व वे स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) में पदस्थापित थे, जहां उन्होंने कई महत्वपूर्ण मामलों एवं विशेष अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाई थी. अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में अनुभव रखने वाले अधिकारी के आगमन से जिले की पुलिस व्यवस्था में नई ऊर्जा देखने को मिल रही है. पदभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में एसडीपीओ राजीव रंजन ने कहा कि अनुमंडल क्षेत्र में विधि-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना, अपराध पर नियंत्रण, लंबे समय से फरार एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, लंबित कांडों का त्वरित निष्पादन तथा पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर सामंजस्य स्थापित करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा. उन्होंने कहा कि पुलिस गश्ती व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा. ताकि आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें. खासकर रात्रि गश्ती एवं संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी. इसके साथ ही युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा. नए एसडीपीओ ने अपराधियों को कड़ा संदेश देते हुए कहा, “अपराधी या तो अपराध छोड़ दें, नहीं तो जिला छोड़ दें. कानून से ऊपर कोई नहीं है. अपराध करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तय है. उन्होंने आम लोगों से पुलिस का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि जनता और पुलिस के बीच विश्वास एवं संवाद जितना मजबूत होगा. अपराध नियंत्रण उतना ही प्रभावी होगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी पीड़ित व्यक्ति की शिकायत को गंभीरता से सुना जाएगा तथा त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
सदर एसडीपीओ के रूप में राजीव रंजन ने लिया योगदान
कहा अपराध नियंत्रण होगी पहली प्राथमिकता
