छातापुर. बीडीओ डॉ राकेश गुप्ता के नेतृत्व में गठित धावा दल ने फर्जी आधार कार्ड बनाने की सूचना पर गुरुवार को दो सीएससी में छापेमारी की. थानाध्यक्ष प्रमोद झा, पुअनि संदीप कुमार व पुलिस बल के साथ बीडीओ पोस्ट ऑफिस के समीप कोशी कम्यूनिकेशन सेंटर एवं ब्लॉक चौक के समीप शिक्षा ऑनलाइन नामक सीएससी औचक रूप से पहुंचे. जहां संचालक से सघन पूछताछ की गई. पूछताछ के बाद लेपटॉप, कई आधार कार्ड, पैन कार्ड, मोबाइल, एटीएम के अलावे काफी मात्रा में पोस्ट पेमेंट बैंक का स्कैनर व सादा पासबुक जब्त किया गया. प्रशासन व पुलिस के द्वारा की गई छापेमारी के बाद इस नेटवर्क से जुडे लोगों में हड़कंप मचा है. वहीं छापेमारी की यह कार्रवाई लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. बीडीओ ने जानकारी देते बताया कि गुप्त सूचना मिल रही थी कि कोई बाहरी व्यक्ति लेपटॉप के साथ चिन्हित ठिकानों पर पहुंचता है. जहां लेपटॉप से फर्जी रूप से नया आधार कार्ड बनाता है. पुराने आधार कार्ड में छेड़छाड़ करता है. खासकर मनचाही शुल्क लेकर पूर्व से बने आधार कार्ड में अंकित उम्र को बढाने का कार्य करता है. यह कृत्य बिल्कुल अवैध है और यह संगीन अपराध की श्रेणी में आता है. ऐसा करने वाले नेटवर्क का खुलासा करने तथा उसपर कानूनी शिकंजा कसने के लिए प्रशासन तत्पर है. बताया कि दोनों ही सीएससी सेंटर से जप्त की गई सामग्री की साइबर सेल से जांच कराई जा रही है. जांच के बाद मामले में अग्रेतर कार्रवाई की जायेगी.
दो सीएससी में छापेमारी, लेपटॉप सहित कई सामग्री जब्त
संचालक से सघन पूछताछ की गई
