राघोपुर थाना को जल्द मिलेगा सुसज्जित भवन, पुलिस कर्मियों को मिलेगी सुविधाएं

आवासीय सुविधा की कमी से जूझ रहे पुलिसकर्मी

राघोपुर. थाना का नया भवन अब निर्माण के अंतिम चरण में पहुंच चुका है. भवन का अधिकांश निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि वर्तमान में पेंटिंग, फिनिशिंग और अंतिम साज-सज्जा का कार्य तेजी से चल रहा है. निर्माण एजेंसी के अनुसार अगले करीब एक महीने के भीतर कार्य पूर्ण होने की संभावना है. 15 जून तक भवन तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है. करीब 05 करोड़ 71 लाख रुपये की लागत से बन रहे इस नए थाना भवन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है. नए भवन के तैयार होने के बाद पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा. लंबे समय से पुराने जर्जर भवन, सीमित संसाधनों और जलजमाव जैसी समस्याओं के कारण थाना कर्मियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. आवासीय सुविधा की कमी से जूझ रहे पुलिसकर्मी मौजूदा स्थिति में समुचित आवासीय व्यवस्था नहीं होने के कारण कई पुलिस पदाधिकारी और कर्मचारी होटल एवं किराये के भवनों में रहने को मजबूर हैं. ऐसे में नए भवन के चालू होने के बाद पुलिस कर्मियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है. निर्माण कार्य से जुड़ी कंपनी रियल इंडिया कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के प्रोपराइटर चंदन सिंह ने बताया कि भवन का फाइनल स्ट्रक्चर तैयार हो चुका है. फिलहाल फिनिशिंग का काम जारी है. उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है. ताकि तय समय सीमा के भीतर इसे पूरा किया जा सके. स्थानीय लोगों का कहना है कि नए और सुसज्जित थाना भवन के शुरू होने से पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी होगी तथा आम लोगों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी. लोगों को उम्मीद है कि नए भवन के संचालन से थाना व्यवस्था अधिक व्यवस्थित और सुचारू बनेगी. इस संबंध में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि भवन और आवासीय बैरक की कमी के कारण पुलिस कर्मियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि नया भवन मिलने के बाद पुलिस पदाधिकारी और कर्मियों को राहत मिलेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajeev kumar jha

राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >