सुपौल समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय वेश्म में सोमवार को जन संवाद कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस ने की, जिसमें बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे पुलिस प्रशासन के समक्ष रखीं. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनता और पुलिस के बीच संवाद को मजबूत करना तथा समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना था. एसपी शरथ आर एस ने स्वयं उपस्थित लोगों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और प्रत्येक मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. जन संवाद के दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक तनाव, स्थानीय अपराध, पुलिस कार्रवाई में देरी तथा अन्य सामाजिक मुद्दों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं. एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी मामलों का शीघ्र एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को समय पर न्याय मिल सके. उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस प्रशासन आम लोगों की सेवा और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और ऐसे कार्यक्रम भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे. इससे जनता को अपनी बात रखने का एक सशक्त मंच मिलता है और प्रशासन को जमीनी स्तर की समस्याओं को समझने में सहायता मिलती है. कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे उनकी समस्याओं के समाधान की उम्मीद बढ़ी है.
जन संवाद में जनता की आवाज़ बनी प्राथमिकता, एसपी ने सुनी हर समस्या गंभीरता से
पुलिस प्रशासन आम लोगों की सेवा और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और ऐसे कार्यक्रम भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे.
