खराब ट्रांसफार्मर बदलने की प्रक्रिया में जमीन विवाद बना बाधक
जदिया . तीन दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने से परेशान उपभोक्ताओं ने सड़क पर उतर कर जमकर बवाल काटा. मामला जदिया पंचायत के वार्ड नंबर 08, 12 और 14 में तीन दिनों से वहां लगे ट्रांसफार्मर के जल जाना बताया जाता है. लगातार बिजली आपूर्ति ठप को लेकर भीषण गर्मी से लोग परेशान है. उपभोक्ताओं ने एसएच 91 मुख्य मार्ग पर उतर कर विभाग के प्रति नाराजगी जताते हुए अविलंब ट्रांसफार्मर लगा कर बिजली बहाल करने की मांग की.जमीन विवाद का पचड़ा फंस गया
ग्रामीणों की मानें तो खराब ट्रांसफार्मर बदलने की प्रक्रिया में जमीन विवाद का पचड़ा फंस गया. जहां पहले से ट्रांसफार्मर लगा था. वहां जमीन मालिक दोबारा लगाए जाने से इंकार कर दिया. जिससे मामला तीन दिनों से अटक कर रह गया है. जमीन मालिक उक्त नये ट्रांसफार्मर को अन्य जगह स्थापित करने की जिद पर अड़ा था. जिससे ट्रांसफार्मर लगना नामुमकिन हो गया था. बाद में परेशान उपभोक्ताओं ने इस समस्या को लेकर सड़क पर उतरना ही मुनासिब समझते हुए आवागमन ठप कर डाला. जिससे जाम की स्थिति बन गई. इस वजह से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी लंबी कतारें लग गई. जिससे भीषण गर्मी में वाहन चालकों को घोर कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस एवं पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सह जदयू नेता संजय अग्रवाल के द्वारा लोगों को समझाया बुझाया गया तथा विभागीय अधिकारियों से वार्ता कर तत्काल मामला सुलझा कर तकरीबन एक घंटे बाद आवागमन बहाल कराया गया. इस संबंध में विभागीय जेई सृष्टि मयंक ने कहा कि ट्रांसफार्मर खराब रहने की जानकारी मिलते ही दूसरा नया ट्रांसफार्मर भेज कर स्थापित किया जाना था. लेकिन जमीन विवाद में ट्रांसफार्मर लगाने से रोक दिए जाने के कारण लगातार लेट होता गया. उन्होंने कहा कि नये स्थान पर ट्रांसफार्मर लगाने के लिए विभागीय प्रक्रिया के तहत पहले सर्वेक्षण और प्राकलन का रोड मैप तैयार करना होता है. जिसमें समय लगता है. उन्होंने जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दिए जाने का आश्वासन दिया.
