चांद का हुआ दीदार, आज मनायी जायेगी ईद

खरीदारी को ले बाजारों में उमड़ी रही भीड़

– मुस्लिम समुदाय के लोगों में दिखा हर्ष सुपौल. तीस दिन चले पवित्र रमजान के बाद आखिरकार शुक्रवार की शाम चांद का दीदार हो गया. शनिवार को जिला मुख्यालय समेत ग्रामीण क्षेत्रों में ईद उल-फितर का त्योहार मनाया जाएगा. ईद का चांद दिखते ही लोगों ने एक-दूसरे को ईद की बधाई देनी शुरू कर दी. बच्चे, बूढ़े व नौजवान इसको लेकर खासे उत्साहित दिखे. इमाम ने शुक्रवार को चांद दिखने का ऐलान किया. इसके साथ ही ईद की घोषणा कर दी गई. वहीं ईद की नमाज को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है. जिले में ईद का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा. शुक्रवार की शाम को चांद का दीदार कर लोगों ने मुल्क की तरक्की, अमन चैन और भाईचारे के लिए दुआ मांगी. बाद में एक दूसरे को ईद की बधाई दी. चांद देखने के बाद रातभर खरीदारी का दौर चलता रहा. घरों में महिलाएं भी तैयारियों में जुटी रहीं. देर शाम रमजान का आखिरी इफ्तार कर लोग मस्जिदों और घरों की छतों पर जा चढ़े. खुशी से भरे लोग पश्चिम की ओर चांद को तलाशते रहे. अचानक चांद दीदार हुआ तो लोग खुशी से चहक उठे. रोजेदारों ने हाथ उठा कर मुल्क की तरक्की, खुशहाली और अमनचैन की दुआ मांगी और एक दूसरे को ईद की बधाई दी. खरीदारी को ले बाजारों में उमड़ी रही भीड़ ईद की खरीदारी के लिए शुक्रवार को बाजारों में दिनभर लोगों की भीड़ उमड़ी रही. शाम होते ही ईद का चांद देखने की बेताबी रोजेदारों में देखने को मिली. महिला-पुरुष, युवा व नन्हें रोजेदार घर की छतों से लेकर खुले मैदान तक ईद का चांद देखने के लिए जुटने लगे. ईद के चांद का दीदार होते ही रोजेदार एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद देने लगे. ईदगाह में 08 बजे पढ़ी जायेगी नमाज ईद पर्व को लेकर ईदगाह सहित मस्जिदों की साफ-सफाई पूरी कर ली गयी है. ईदगाह कमेटी के मो जमालउद्दीन ने कहा कि पहली जमात ईदगाह में 08 बजे सुबह होगी. जबकि दूसरी जमात 08:30 बजे जामा मस्जिद सुपौल में होगी. उन्होंने बताया कि बारिश होने की स्थिति में पहली जमात 08 बजे जामे मस्जिद, नुरानी मस्जिद, छोटी मस्जिद, बालू टोला मस्जिद, फजले रहमानी मस्जिद में अदा की जायेगी. वहीं दूसरी जमात 08:30 बजे चौक मस्जिद, गोदाम मस्जिद, रहमानी मस्जिद भेलाही और खरैल पुनर्वास मस्जिद व मदनी मस्जिद में अदा की जायेगी. उपहार का पैकेट भी तैयार ईद पर सजावटी सामान भी तोहफे में देने की तैयारी है. इसमें कश्मीरी नक्काशी वाले गुलदान, फ्लॉवर वॉश, रंगीन कांच के लैंप शेड और कैंडल स्टैड भी हैं. 400 रुपये कीमत से शुरू होने वाले ये उपहार हजारों की कीमत में है. यह उपहार महानगरी की तरह बनाया गया है. कुरान पाक शरीफ को सहेजने के लिए तमाम नक्काशीदार बक्से बाजार में है. इसे भी तोहफे में देने के लिए खरीदा जा रहा है. इनकी कीमत 500 तक है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >