अनुश्रवण समिति की हुई बैठक, छाया रहा राशन कटौती व घरेलू गैस का मुद्दा

डीसीएलआर संस्कार रंजन ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया

त्रिवेणीगंज. अनुमंडल कार्यालय स्थित सभागार में बुधवार को आयोजित अनुमंडलस्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक में इस बार आम लोगों से जुड़े अहम मुद्दों को लेकर खासा गरम रही. डीसीएलआर संस्कार रंजन की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में भले ही कई विषयों पर चर्चा हुई. लेकिन जनवितरण प्रणाली और रसोई गैस की आपूर्ति सबसे ज्यादा चर्चा में रही. बैठक के दौरान सदस्यों ने जनवितरण प्रणाली विक्रेताओं द्वारा राशन में कटौती और गैस एजेंसी संचालकों की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए. सदस्य अनिल चौधरी ने आरोप लगाया कि जनवितरण प्रणाली विक्रेताओं के द्वारा लाभुकों को मिलने वाले राशन तय पांच किलो के बजाय सिर्फ चार किलो ही अनाज दिया जा रहा है. जिससे गरीबों का हक मारा जा रहा है. उन्होंने बताया कि गैस बुकिंग की जटिल प्रक्रिया के बजाय उपभोक्ताओं को सीधे कार्ड पर कम से कम एक सिलेंडर माह में उपलब्ध कराया जाए. ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी न झेलनी पड़े. सदस्य जयनारायण यादव ने रसोई गैस को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि त्रिवेणीगंज में गैस की कालाबाजारी शिकायत मिली. उन्होंने बताया कि स्थानीय एजेंसियां गैस की कमी का हवाला देती है. जबकि पड़ोसी क्षेत्र पिपरा में गैस आसानी से उपलब्ध है. उन्होंने मुद्दा उठाया कि यहां मनमाने दरो में गैस सिलेंडर बेचा जा रहा है. अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर सख्त कार्रवाई करने का भरोसा दिया. बसंत कुमार यादव ने शहर में बढ़ते जाम और सड़क दुर्घटनाओं का मुद्दा उठाया. उन्होंने बताया कि बीते एक सप्ताह में ट्रैफिक अव्यवस्था के कारण चार लोगों की मौत और आठ लोग जख्मी हो चुके हैं. हालांकि, डीसीएलआर ने इसे अनुश्रवण समिति के दायरे से बाहर का विषय बताया. बैठक में डीसीएलआर संस्कार रंजन ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया. बैठक में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी नेहा कुमारी, सहायक विद्युत अभियंता आकाश कुमार, मापतौल निरीक्षक अनिल चौधरी, मुन्ना सिंह सहित समिति के अन्य सदस्य और विभिन्न गैस एजेंसियों के संचालक मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >