पिपरा क थानाध्यक्ष बने किशोर कुमार, बोले अपराध नियंत्रण व पुलिस-पब्लिक समन्वय प्राथमिकता
उन्होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता थाना क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून का राज कायम रखना होगी
कटैया-निर्मली.
पिपरा थाना को मंगलवार को नया थानाध्यक्ष मिल गया. नवपदस्थापित थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने विधिवत पदभार ग्रहण करने के बाद कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने तथा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने का संकल्प जताया. उन्होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता थाना क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून का राज कायम रखना होगी. पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में किशोर कुमार ने साफ कहा कि अपराधियों के खिलाफ कोई नरमी नहीं बरती जाएगी. किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
थानाध्यक्ष ने पुलिस व आम जनता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर दिया विशेष बल
अपराधियों पर त्वरित और सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि आम जनता में सुरक्षा का भरोसा बढ़े. थानाध्यक्ष ने पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर विशेष बल दिया. उन्होंने कहा कि थाना में आने वाले लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा और उनका त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा. समाज की सुरक्षा और शांति बनाए रखने में नागरिकों की भूमिका अहम है. पुलिस अकेले सब कुछ नहीं कर सकती. जनता के सहयोग से ही हम अपराध पर लगाम लगा सकते है.
नशे के खिलाफ चलाया जायेगा विशेष अभियान
नवपदस्थापित थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार पर भी चिंता जताई. उन्होंने कहा कि शराब, मादक पदार्थों और अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी. इसके साथ ही युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे. पुलिस-पब्लिक संबंधों को मजबूत बनाने के लिए नियमित जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित करने की भी योजना बताई. कहा हमारा लक्ष्य थाना क्षेत्र को भयमुक्त और सुरक्षित बनाना है. वही अनुसूचित जनजाति थाना के थानाध्यक्ष जय प्रकाश चौधरी को भपटियाही थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है. जबकि पुलिस कार्यालय में पदस्थापित संजय दास को वीरपुर थाना का थानाध्यक्ष बनाया गया है. पुलिस केंद्र, सुपौल में पदस्थापित अनिरुद्ध कुमार को भीमपुर थाना की कमान सौंपी गई है. वही भपटियाही थाना के थानाध्यक्ष प्रजेश कुमार दुबे, पिपरा थाना के थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा, वीरपुर थाना के थानाध्यक्ष राज किशोर मंडल तथा भीमपुर थाना के थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार पाण्डेय को स्थानांतरित कर पुलिस केंद्र, सुपौल में पदस्थापित किया गया है. अधिक प्रभावी बनाने तथा अपराध नियंत्रण को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.