करजाईन. राघोपुर प्रखंड क्षेत्र की मोतीपुर पंचायत के वार्ड 07 स्थित महादेव स्थान परिसर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ को लेकर शनिवार को कलश यात्रा निकाली गयी. पंडित आचार्य महेश झा, आचार्य नितेश नाथ तिवारी, पंडित नवल किशोर झा एवं आचार्य जय प्रकाश मिश्र के वेद मंत्रोच्चारण के साथ 151 कन्या एवं महिलाएं कलश लेकर यज्ञ स्थल से मुख्य मार्ग होते हुए पंचायत का भ्रमण किया और महादेव पोखर से जल भरकर पुनः यज्ञ स्थल पहुंची. इस दौरान क्षेत्र का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया. यज्ञ समिति के अध्यक्ष जगदीश ठाकुर, सचिव सुभाष ठाकुर, कोषाध्यक्ष कुंदन झा, बिरजू महराज, रंजीत झा उर्फ हरे, सुरेंद्र ठाकुर, पप्पू झा, लीला झा आदि ने बताया कि प्रथम दिन कलश यात्रा के साथ यज्ञ प्रारंभ किया गया. इस दौरान 09 से 16 नवंबर तक अपराह्न बेला में सर्वसम्मानित शास्त्रार्थ आचार्य पंडित महेश झा के अमृतमय वाणी से भागवत कथा का प्रवचन किया जाएगा. 16 नवंबर को यज्ञ पूर्णाहुति के साथ समापन होगा. इसके उपरांत 17 नवंबर को महाप्रसाद भंडारा 02 बजे दिन से आरंभ होगा. इस मौके पर आचार्य ने कहा कि ईश्वर की कृपा से यह यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है. यज्ञ के सफल आयोजन में समस्त ग्रामवासी एवं युवा वर्ग पूरी निष्ठा से जुटे हुए हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
