सुपौल के भीमनगर में BSAP की प्रभातफेरी, नुक्कड़ नाटक से दिया नशामुक्त समाज का संदेश

International Day Against Drug Abuse: भारत-नेपाल सीमा पर BSAP का जागरूकता अभियान, महिला जवानों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को किया जागरूक.

वीरपुर (सुपौल) से प्रमोद कुमार की रिपोर्ट.

International Day Against Drug Abuse: अंतरराष्ट्रीय नशा विमुक्ति दिवस के अवसर पर भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा स्थित भीमनगर में बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (बीएसएपी) की 12वीं और 15वीं बटालियन ने नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता अभियान चलाया. शुक्रवार सुबह निकाली गयी प्रभातफेरी और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गयी और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया.

भीमनगर की सड़कों पर गूंजे नशा विरोधी नारे

नशा मुक्ति जागरूकता प्रभातफेरी की शुरुआत बीएसएपी बटालियन मुख्यालय से हुई. प्रभातफेरी भीमनगर पुरानी चौक, कस्टम कार्यालय, थाना मार्ग और नया बाजार होते हुए सहरसा चौक तक पहुंची. इस दौरान जवानों ने नशा विरोधी नारे लगाते हुए लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया.

प्रभातफेरी के दौरान स्थानीय लोगों ने भी अभियान में रुचि दिखाई और नशा मुक्त समाज के संकल्प को समर्थन दिया.

महिला जवानों के नुक्कड़ नाटक ने खींचा लोगों का ध्यान

सहरसा चौक पर बीएसएपी की महिला जवानों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया. नाटक के माध्यम से नशे की लत से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया.

Bsap की प्रभातफेरी

महिला जवानों ने यह संदेश दिया कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है. नुक्कड़ नाटक को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुटे.

नशे से समाज को होता है भारी नुकसान : डीएसपी

इस अवसर पर बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के डीएसपी वासुदेव राय ने कहा कि प्रभातफेरी का मुख्य उद्देश्य लोगों के बीच नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाना है. उन्होंने कहा कि नशे के कारण जनहानि, सामाजिक विघटन और पारिवारिक समस्याएं बढ़ती हैं.

डीएसपी ने कहा कि नशे की लत कैंसर सहित कई गंभीर बीमारियों को जन्म देती है. इसलिए समाज को नशामुक्त बनाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक होना होगा.

International Day Against Drug Abuse: अधिकारियों और जवानों ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा

कार्यक्रम में बीएसएपी की 12वीं और 15वीं बटालियन के अधिकारियों, प्रशिक्षु जवानों, महिला जवानों और अन्य कर्मियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया. अभियान के माध्यम से लोगों को स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया.

Also Read: आज से पूरे बिहार में शुरू होगा आंधी-पानी का दौर, इन 6 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, IMD की एडवाइजरी जारी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >