वीरपुर संयुक्त अनुमंडल कार्यालय परिसर में सोमवार को एसडीपीओ सुरेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई. करीब डेढ़ घंटे तक चली इस बैठक में सर्किल इंस्पेक्टर राजेश कुमार चौधरी सहित अनुमंडल क्षेत्र के सभी सात थानों के थानाध्यक्ष उपस्थित रहे. गोष्ठी के दौरान अनुमंडल क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. एसडीपीओ सुरेन्द्र कुमार ने सभी थानाध्यक्षों से एक-एक कर उनके थाना क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा की और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष जोर दिया. बैठक में दिवा, संध्या और रात्रि गश्ती को और अधिक प्रभावी बनाने, सीमावर्ती क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने तथा अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए गए. इसके साथ ही नशीले पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर इस पर पूर्ण नियंत्रण स्थापित करने की रणनीति पर भी चर्चा की गई. एसडीपीओ ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए पुलिस को पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा. गोष्ठी में वीरपुर थानाध्यक्ष राजकिशोर मंडल, भीमनगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार, रतनपुर थानाध्यक्ष पिंटू कुमार, करजाइन थानाध्यक्ष मनीष कुमार, राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय, प्रतापगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार एवं बलुआ थानाध्यक्ष सुमित कुमार मौजूद रहे. बैठक के अंत में सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण को लेकर सक्रिय भूमिका निभाएं और आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम रखें.
लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन और गश्ती तेज करने के निर्देश
कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई
