रास्ता विवाद में घायल की इलाज के दौरान मौत

मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया

जदिया. थाना क्षेत्र के मानगंज पश्चिम पंचायत वार्ड नंबर 05 में रास्ता विवाद को लेकर हुई मारपीट की घटना ने सोमवार को एक दर्दनाक मोड़ ले लिया. गंभीर घायल मो इजराइल (50 वर्ष) की इलाज के दौरान मौत हो गई. मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. मृतक की पुत्री रेहाना खातून ने बताया कि पड़ोसी मो नेजामउद्दीन से बीते पांच वर्षों से रास्ता को लेकर विवाद चला आ रहा था. शनिवार की सुबह नेजामउद्दीन अपने पुत्र के साथ विवादित रास्ते पर खूंटा गाड़ रहा था. इसी बात को लेकर मो इजराइल ने विरोध किया और खूंटा गाड़ने से मना किया. आरोप है कि इसी दौरान विवाद बढ़ गया और नेजामउद्दीन ने खूंटा गाड़ने वाले खंती से मो इजराइल के सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया. जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. बीच-बचाव करने पहुंची उनकी पत्नी शबनम खातून के साथ भी मारपीट की गई. गंभीर रूप से जख्मी मो इजराइल को परिजनों ने आनन-फानन में अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज पहुंचाया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए मेडिकल कॉलेज मधेपुरा रेफर कर दिया गया. सिर में गंभीर चोट के कारण चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर भेजने की सलाह दी. इसके बाद परिजन उन्हें नेपाल के विराटनगर स्थित गोल्डन हॉस्पिटल ले गए. जहां इलाज के दौरान सोमवार की शाम करीब पांच बजे उनकी मौत हो गई. परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रबंधन ने शव देने से पहले पांच लाख रुपये जमा करने की शर्त रखी. आर्थिक तंगी के बावजूद ग्रामीणों ने चंदा इकट्ठा कर किसी तरह पांच लाख रुपये जुटाए, तब जाकर शव को अस्पताल से बाहर लाया जा सका. इसके बाद शव को सुपौल लाया गया. जहां पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार की अहले सुबह करीब तीन बजे शव घर पहुंचा. मृतक अपने पीछे चार पुत्रियां और एक पुत्र छोड़ गए हैं. पुत्र जन्म से ही नेत्रहीन है. परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर है. थानाध्यक्ष नंदकिशोर नंदन ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है. कहा कि मामले में दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज की गई थी. जिसमें एक आरोपी मो नेजामउद्दीन को पूर्व में ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >