त्रिवेणीगंज. बाजार में ध्वस्त होती यातायात व्यवस्था अब विकराल रूप लेती दिख रही है. इन दिनों मैट्रिक की परीक्षा चल रही है. नगर परिषद क्षेत्र के छह विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया है. जहां परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं. परीक्षा को लेकर प्रशासन ने पूर्व में ही जाम से निजात दिलाने के लिए संपूर्ण और सुदृढ़ व्यवस्था किए जाने का दावा किया था. लेकिन शुक्रवार को यह दावे पूरी तरह खोखले साबित हुए. शुक्रवार को मैट्रिक की प्रथम पाली की परीक्षा समाप्त होते ही बाजार क्षेत्र, खासकर चिलौनी पुल के समीप भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई. परीक्षा केंद्रों से एक साथ बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों और अभिभावकों के निकलने के कारण सड़कों पर वाहनों का दबाव अचानक बढ़ गया. देखते ही देखते पुल के दोनों ओर लंबी कतारें लग गई. पैदल ही दौड़ लगा दिए परीक्षार्थी द्वितीय पाली की परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. कई छात्र-छात्राएं जाम में फंस गए और परीक्षा केंद्र तक समय पर पहुंचने को लेकर चिंतित नजर आए. कुछ परीक्षार्थियों ने परीक्षा छूटने के डर से वाहन छोड़कर पैदल ही परीक्षा केंद्र की ओर दौड़ लगा दी. अभिभावकों में भी प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी गई. गिने चुने पुलिस कर्मियों के साथ अभिभावक भी खुद से जाम हटवाते नजर आए. स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार में पहले से ही संकरी सड़कें और अनियंत्रित पार्किंग जाम की प्रमुख वजह हैं. परीक्षा जैसे विशेष अवसरों पर अतिरिक्त यातायात नियंत्रण की जरूरत होती है. लेकिन शुक्रवार को पर्याप्त पुलिस बल और ट्रैफिक प्रबंधन की कमी साफ नजर आई. एक घंटे बाद सामान्य हुई स्थिति बाजार मुख्यालय के मुख्य मार्ग एनएच 327ई स्थित चिलौनी पुल के पास अस्थायी यातायात नियंत्रण की कोई ठोस व्यवस्था नहीं दिखी. जिससे स्थिति और बिगड़ गई. बताया जा रहा है कि प्रशासन द्वारा परीक्षा से पूर्व जाम की समस्या से निजात दिलाने की योजना बनाई गई थी. परंतु जमीनी स्तर पर उसका प्रभाव नहीं दिखा. करीब एक घंटे बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो सकी. परीक्षार्थियों और अभिभावकों ने मांग कि है कि शेष परीक्षा अवधि के दौरान ठोस और प्रभावी यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. ताकि छात्रों को अनावश्यक मानसिक दबाव का सामना न करना पड़े. स्थानीय लोगों का भी कहना है कि बाजार क्षेत्र में स्थायी ट्रैफिक प्रबंधन की आवश्यकता है. अन्यथा भविष्य में भी ऐसी स्थिति बार-बार उत्पन्न होती रहेगी. उठाये जा रहे आवश्यक कदम : एसडीएम एसडीएम अभिषेक कुमार ने बताया कि जाम की सूचना मिलते ही गश्ती पुलिस दल को तत्काल मौके पर भेजा गया और यातायात को सुचारु कराया गया. उन्होंने कहा कि जाम की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में प्रशासन स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.
मैट्रिक परीक्षा के बीच त्रिवेणीगंज बाजार में भीषण जाम, प्रशासनिक दावे साबित हुए खोखले
पैदल ही दौड़ लगा दिए परीक्षार्थी
