Supaul News: सुपौल जिले के गढ़ बरूआरी रेलवे स्टेशन पर लंबित रेल सुविधाओं को लेकर युवा कांग्रेस ने रविवार को प्रदर्शन किया. बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस के सचिव लक्ष्मण कुमार झा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रेल अधीक्षक के माध्यम से रेलवे प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए कई महत्वपूर्ण मांगें उठाईं. साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से तेज किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर रेल चक्का जाम भी किया जाएगा.
युवा कांग्रेस का कहना है कि वर्षों से क्षेत्र के हजारों रेल यात्रियों को बुनियादी सुविधाओं के अभाव में परेशानी उठानी पड़ रही है, लेकिन रेलवे प्रशासन अब तक ठोस पहल नहीं कर सका है.
इन मांगों को लेकर सौंपा गया ज्ञापन
ज्ञापन में पुरवइया एक्सप्रेस को सहरसा के बजाय ललितग्राम से स्थायी रूप से संचालित करने की मांग की गई है, ताकि सीमावर्ती क्षेत्र के यात्रियों को सीधा लाभ मिल सके.
इसके अलावा वैशाली एक्सप्रेस का गढ़ बरूआरी रेलवे स्टेशन पर नियमित ठहराव सुनिश्चित करने, यात्रियों की सुविधा के लिए फुट ओवरब्रिज (एफओबी) का शीघ्र निर्माण, ललितग्राम से पटना के बीच नई रात्रिकालीन ट्रेन चलाने तथा जोगबनी एक्सप्रेस का गढ़ बरूआरी स्टेशन पर ठहराव देने की मांग भी उठाई गई.
पहले भी मिला आश्वासन, अब तक नहीं हुई कार्रवाई
युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव लक्ष्मण कुमार झा ने कहा कि इन मांगों को लेकर पहले भी दो बार मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा गया था. उस समय सकारात्मक आश्वासन मिला था, लेकिन अब तक किसी भी मांग पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई.
उन्होंने आरोप लगाया कि रेलवे प्रशासन की उदासीनता से क्षेत्र के लोगों में लगातार नाराजगी बढ़ रही है. सीमावर्ती इलाकों के यात्रियों को आज भी बेहतर रेल सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है.
Supaul News: आंदोलन तेज करने की चेतावनी
लक्ष्मण कुमार झा ने कहा कि यदि रेलवे प्रशासन जल्द इन मांगों पर निर्णय नहीं लेता है तो अगला कदम रेल महाप्रबंधक (जीएम) से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपने का होगा.
उन्होंने कहा कि इसके बाद भी समाधान नहीं निकला तो आंदोलन रेल मंत्री तक पहुंचाया जाएगा. अंतिम चरण में रेल चक्का जाम कर व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी रेलवे प्रशासन की होगी.
प्रदर्शन के दौरान मनोज कुमार, राजू कुमार, ललित, मंगल, संतोष कुमार, अजीत कुमार झा, दीपक कुमार, चंदन कुमार, मनीष कुमार, संजय कुमार सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे.
Also Read: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगा गंगाजल: 15 करोड़ की लागत से बिछेगी पाइपलाइन, अगले महीने होगा काम
