छातापुर (सुपौल). पंचायत परिसीमन 2026 के तहत ईबी के अक्षांशीय एवं देशांतरीय मैप अपलोडिंग के आधार पर ही परिसीमन का कार्य पूरा किया जाएगा. ऐसे में ईबी के नौ बिंदुओं पर भौतिक सत्यापन और ऑनलाइन अपलोडिंग में किसी भी तरह की लापरवाही अक्षम्य होगी. परिसीमन कर्मियों को सत्यापन और अपलोडिंग का कार्य त्रुटिरहित तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया गया है. गलती पाए जाने पर संबंधित कर्मियों की जवाबदेही तय की जाएगी.
62 राजस्व ग्रामों के 528 ईबी का होना है सत्यापन
बीडीओ डॉ. राकेश गुप्ता ने गुरुवार को सत्यापन कार्य की मॉनिटरिंग के दौरान यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि अंचल क्षेत्र के 62 राजस्व ग्रामों में कुल 528 ईबी का भौतिक सत्यापन कर उसका विवरण ऑनलाइन अपलोड किया जाना है.
चुनाव आयोग की ओर से इस कार्य को पूरा करने के लिए 10 सितंबर की अंतिम तिथि निर्धारित की गयी है. अब तक 488 ईबी के नौ बिंदुओं पर अक्षांशीय एवं देशांतरीय मैपिंग सत्यापन का कार्य पूरा कर लिया गया है. शेष ईबी का कार्य निर्धारित तिथि तक पूरा करने का लक्ष्य है.
पंचायत से अंचल स्तर तक अधिकारी कर रहे मॉनिटरिंग
परिसीमन कार्य को समय पर पूरा कराने के लिए पंचायतों में कार्यरत कार्यपालक सहायक और पंचायत नोडल कर्मियों के साथ अंचल एवं प्रखंड स्तर के अधिकारी भी अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं. सीओ, बीपीआरओ, एमओ, आरओ, बीसीओ और बीपीएम को भी सत्यापन कार्य की निगरानी की जिम्मेदारी दी गयी है.
कई पंचायतों में पहुंचकर बीडीओ ने लिया जायजा
बीडीओ डॉ. राकेश गुप्ता ने डहरिया, उधमपुर, सोहटा, कटहरा, लालगंज और रामपुर सहित कई पंचायतों में पहुंचकर ईबी के भौतिक सत्यापन कार्य का जायजा लिया. उन्होंने कर्मियों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार त्रुटिरहित सत्यापन और ऑनलाइन अपलोडिंग का कार्य पूरा करने का निर्देश दिया.
ऑनलाइन मैप नहीं होने पर 2026 के नक्शे का होगा इस्तेमाल
बीडीओ ने बताया कि जिन स्थानों के ईबी का मैप ऑनलाइन उपलब्ध नहीं है, वहां 2026 के नक्शे का प्रयोग किया जा रहा है. वहीं जिन क्षेत्रों का नक्शा त्रुटिपूर्ण पाया जाता है, वहां विभागीय पत्र के निर्देश के अनुसार दोबारा सीमांकन किया जाएगा. ऐसे मामलों में बीडीओ के अलावा सीओ, राजस्व कर्मचारी और अंचल अमीन संयुक्त रूप से स्थल का सत्यापन कर आवश्यक सीमांकन करेंगे.
त्रुटिरहित कार्य पूरा करना प्रशासन की प्राथमिकता
पंचायत परिसीमन 2026 की प्रक्रिया में ईबी के मैपिंग और भौतिक सत्यापन को महत्वपूर्ण चरण माना जा रहा है. प्रशासन का जोर निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी 528 ईबी का सत्यापन और ऑनलाइन अपलोडिंग पूरा कराने के साथ रिकॉर्ड में किसी तरह की त्रुटि नहीं रहने पर है.
