सुपौल . समाहरणालय परिसर में शुक्रवार को आयोजित जिला जनता दरबार में जिलाधिकारी सावन कुमार ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना. जनता दरबार में कुल 58 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें भूमि विवाद, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, आपदा, विकास योजनाओं सहित विभिन्न विभागों से जुड़े मामले शामिल थे.
समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी आवेदनों का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
जनता दरबार के दौरान फरियादियों ने अपनी समस्याएं सीधे जिलाधिकारी के समक्ष रखीं, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए. बैठक में उप विकास आयुक्त सारा अशरफ, अपर समाहर्ता-सह-आपदा प्रबंधन मो. तारिक, विशेष कार्य पदाधिकारी (गोपनीय शाखा) विकास कुमार कर्ण सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे.
ALSO READ : सुपौल के परसरमा में मासूम की हत्या, DIG ने पीड़ित परिवार से मिलकर दिया सख्त कार्रवाई का भरोसा
