सुपौल से राजीव झा की रिपोर्ट :
सुपौल जिला मुख्यालय स्थित निबंधन कार्यालय सुपौल में पदस्थापित अवर निबंधक अमरेंद्र कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में Economic Offences Unit (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है. जांच में अमरेंद्र कुमार के पास उनकी ज्ञात आय से करीब 65.08 प्रतिशत अधिक संपत्ति होने का खुलासा हुआ है. इसी के आधार पर EOU की टीम ने एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी शुरू की, फिलहाल छापेमारी जारी है.लंबे समय से EOU को मिल रही थी शिकायतें
जानकारी के अनुसार, EOU को लंबे समय से अमरेंद्र कुमार की संदिग्ध संपत्ति को लेकर शिकायतें मिल रही थीं. प्रारंभिक जांच के बाद मामला सत्य प्रतीत होने पर विशेष टीम का गठन किया गया. इसके बाद पटना सहित चार अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ रेड की गई. छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, निवेश से जुड़े कागजात, बैंक खातों का विवरण और अचल संपत्तियों से संबंधित रिकॉर्ड जब्त किए हैं.
अमरेंद्र कुमार के परिवार के नाम पर कई चल-अचल संपत्तियां
सूत्रों के मुताबिक, जांच में यह भी सामने आया है कि अमरेंद्र कुमार ने अपने और परिवार के नाम पर कई चल-अचल संपत्तियां अर्जित की हैं, जिनका वैध आय स्रोत से मेल नहीं बैठता. EOU अब जब्त किए गए दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही है, ताकि संपत्ति के वास्तविक मूल्य और उसके स्रोत का पता लगाया जा सके.
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
वहीं, इस कार्रवाई के बाद निबंधन विभाग में हड़कंप मच गया है. कार्यालय के अन्य कर्मियों के बीच भी चर्चा का माहौल है. EOU अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे और भी खुलासे हो सकते हैं और जरूरत पड़ने पर अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जाएगी. फिलहाल, अमरेंद्र कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. EOU की टीम निबंधन कार्यालय में सघन जांच कर रही है. कार्यालय के मुख्य द्वार से आमलोगों की इंट्री फिलहाल बंद कर दी गई है.
