त्रिवेणीगंज. विश्व रेडक्रॉस दिवस पर रेडक्रॉस सोसायटी शाखा त्रिवेणीगंज की ओर से अनुपलाल यादव महाविद्यालय त्रिवेणीगंज के सभागार में शुक्रवार को भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत रेडक्रॉस के संस्थापक सर हेनरी ड्यूनेंट की जयंती पर उनके चित्र पर एसडीएम अभिषेक कुमार , महाविद्यालय प्राचार्य, चेयरमैन, सचिव, सदस्यों व छात्रों द्वारा पुष्पांजलि अर्पित कर की गयी. इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं के बीच “मानवता को जीवित रखना” विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गयी. प्रतिभागियों ने रेडक्रॉस के उद्देश्य, मानव सेवा और सामाजिक सहयोग के महत्व पर अपने विचार प्रस्तुत किये. प्रतियोगिता में आकांक्षा कुमारी ने प्रथम, अशफाक आलम ने द्वितीय तथा पलक अग्रवाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. विजेताओं को एसडीएम, प्राचार्य, चेयरमैन व सचिव द्वारा डायरी, कलम सहित अन्य पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. रेडक्रॉस शाखा के अध्यक्ष सह अनुमंडल पदाधिकारी अभिषेक कुमार ने रेडक्रास दिवस के उद्देश्य पर चर्चा करते कहा कि रेडक्रास दिवस स्वयंसेवकों द्वारा जरूरतमंद लोगों की सहायता करने और उनके अभूतपूर्व योगदान को सम्मानित करने के लिए मनाया जाता है. कहा कि रेडक्रास सोसायटी का उद्देश्य हर क्षण मानवीय गतिविधियों के सभी प्रकारों को प्रेरित, उत्साहित और क्रियान्वयन करना है. रेडक्रॉस के चेयरमैन मनोज रोशन ने कहा कि रेडक्रॉस एक अंतरराष्ट्रीय मानवीय संस्था है, जिसकी स्थापना हेनरी ड्यूनेंट ने की थी. उनके जन्मदिन 8 मई को विश्व रेडक्रॉस दिवस के रूप में मनाया जाता है. संस्था का मुख्य उद्देश्य घायल, पीड़ित व आपदा प्रभावित लोगों की सहायता करना है. वहीं कॉलेज प्राचार्य डॉ हेमंत कुमार ने कहा कि रेडक्रॉस के इतिहास से छात्रों को अवगत कराते हुए कहा कि मानव का सबसे बड़ा धर्म दूसरे व्यक्तियों की सेवा करना और सहयोग प्रदान करना है. वहीं रेडक्रॉस के सचिव करण कुमार लड्डू ने कहा कि आज का दिन एक विशेष महत्व का दिन हैं. इस दिन ही रेडक्रॉस की विश्व में स्थापना हुई थी. उन्होंने लोगों से अपील की हमें मानव हित के लिए प्रतिवर्ष कम से कम दो बार रक्तदान अवश्य करना चाहिए. धन्यवाद ज्ञापन एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो विद्यानंद यादव ने किया. मौके पर प्रो विनोद कुमार विमल, कृष्ण मुरारी अग्रवाल, जसप्रीत कौर, हीरेंद्र कुमार, संत सरोज, राजेश चौधरी, दीपक कुमार, सतीश कुमार आलोक सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं व स्वयंसेवक उपस्थित रहे.
विश्व रेडक्रॉस दिवस पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन, आकांक्षा कुमारी रही प्रथम
विश्व रेडक्रॉस दिवस पर रेडक्रॉस सोसायटी शाखा त्रिवेणीगंज की ओर से अनुपलाल यादव महाविद्यालय त्रिवेणीगंज के सभागार में शुक्रवार को भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया.
