भीषण आंधी-ओलावृष्टि से फसलें तबाह, सैकड़ों पेड़ गिरे

पेड़ के नीचे दबकर बुजुर्ग की मौत

– पेड़ के नीचे दबकर बुजुर्ग की मौत राघोपुर. प्रखंड क्षेत्र में बुधवार की देर संध्या आए तेज आंधी-तूफान और ओलावृष्टि ने पूरे इलाके में भारी तबाही मचा दी. आंधी के दौरान वायसी वार्ड नंबर 12 में आंधी के कारण पेड़ गिर गया, जिसके नीचे दबकर 55 वर्षीय गुनेश्वर यादव की मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है. गुरुवार सुबह जब लोग अपने घरों से बाहर निकले तो चारों ओर तबाही का भयावह मंजर देखने को मिला. तेज हवाओं से कई जगहों पर पेड़ बिजली के तारों और खंभों पर गिर गए. जिससे पूरे प्रखंड के कई इलाकों में रातभर बिजली गुल रही. बिजली विभाग की टीम रात से ही फील्ड में उतरकर मरम्मत कार्य में जुटी हुई है. धीरे-धीरे आपूर्ति बहाल करने की कोशिश की जा रही है. राम विशनपुर पंचायत के दहीपौड़ी वार्ड नंबर 2 के किसान राजकुमार यादव, शनिचर यादव, महिन्द्र यादव, मेहश्वरी यादव, बाबू नंद यादव, आनंदी यादव आदि ने बताया कि लगभग 80 बीघा में लगी मक्के की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई. मोतीपुर, नरहा, बेरदह, हुलास, हरिपुर, करजाइन, वायसी और देवीपुर सहित कई गांवों में हजारों हेक्टेयर भूमि पर फसल को गंभीर नुकसान पहुंचा है. एनएच 27 स्थित सिमराही मुख्य बाजार में निर्माणाधीन सर्विस रोड के कारण जलजमाव की समस्या और गंभीर हो गई है. सिमराही नगर पंचायत के वार्ड नंबर 14 स्थित पिपराही रोड में अरविंद चौधरी के टाइल्स और मार्बल स्टोर रूम पर पेड़ गिरने से लाखों रुपये की क्षति हुई है. इसके अलावा पूरे प्रखंड में सैकड़ों घरों के छप्पर उड़ गए और कई पक्के मकान भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए. घटना के बाद प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है. बीडीओ सत्येन्द्र कुमार यादव और प्रभारी सीओ आकांक्षा मिश्रा ने बताया कि नुकसान का आकलन तेजी से किया जा रहा है. प्रभावित लोगों को आपदा प्रबंधन विभाग के तहत नियमानुसार सहायता दी जाएगी. वहीं प्रखंड कृषि पदाधिकारी मयंक झा ने बताया कि फसल क्षति का विस्तृत सर्वे कर रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी जाएगी. ताकि किसानों को मुआवजा दिलाया जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajeev kumar jha

राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >