वीरपुर ( सुपौल ) : पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. जगन्नाथ मिश्र की पुण्यतिथि 19 अगस्त को है. इस अवसर पर सुपौल जिले के बलुआ बाजार में उनकी प्रतिमा का अनावरण किया जाना है. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संभावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. पिछले कुछ दिनों से प्रशासनिक अधिकारियों की बलुआ बाजार में लगातार आवाजाही हो रही है.
डीएम सावन कुमार और एसपी शरथ आरएस के अलावा त्रिवेणीगंज एवं वीरपुर के एसडीएम, एसडीपीओ समेत अन्य अधिकारी कार्यक्रम स्थल का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं. जानकारी के अनुसार, डीएम सावन कुमार हाल के दिनों में तीन बार बलुआ पहुंचकर तैयारियों का जायजा ले चुके हैं.
मध्य विद्यालय परिसर में बनेगा हेलीपैड
मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को देखते हुए बलुआ स्थित मध्य विद्यालय परिसर में हेलीपैड बनाने की तैयारी की जा रही है. वहीं, कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. अधिकारियों की टीम स्थल निरीक्षण के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी है.
मंत्री नीतीश मिश्रा के भी पहुंचने की संभावना
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. जगन्नाथ मिश्र के पुत्र एवं मंत्री नीतीश मिश्रा के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है. इसके अलावा राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई अन्य नेताओं के भी बलुआ पहुंचने की चर्चा है.
फिर उठ सकती है बलुआ को प्रखंड बनाने की मांग
बलुआ बाजार को प्रखंड का दर्जा देने की मांग स्थानीय लोगों द्वारा लंबे समय से की जाती रही है. ऐसे में मुख्यमंत्री के संभावित आगमन के दौरान स्थानीय लोगों की ओर से एक बार फिर बलुआ बाजार को प्रखंड बनाने की मांग उठाये जाने की संभावना है. मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र के लोगों में उत्सुकता बनी हुई है.
