सुपौल से रोशन सिंह की रिपोर्ट
Bihar SI Prohibition Exam 2026: मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में अवर निरीक्षक मद्य निषेध के पदों पर नियुक्ति के लिए 12 जुलाई (रविवार) को एकल पाली में प्रारंभिक लिखित प्रतियोगिता परीक्षा आयोजित होगी. परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर सुपौल जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. जिला पदाधिकारी सावन कुमार ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा की पारदर्शिता से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा.
डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम सावन कुमार ने सभी केंद्राधीक्षकों, स्टैटिक दंडाधिकारियों, जोनल दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और परीक्षा कार्य में प्रतिनियुक्त अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता, पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
हर परीक्षा केंद्र पर रहेगी कड़ी निगरानी
बैठक में अभ्यर्थियों की सघन जांच, प्रश्नपत्रों की सुरक्षित प्राप्ति और वितरण, परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा निषिद्ध सामग्री पर पूरी तरह प्रतिबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए. इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने को कहा गया है.
Bihar SI Prohibition Exam 2026: कदाचार करने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई
डीएम ने स्पष्ट कहा कि यदि कोई अभ्यर्थी या अन्य व्यक्ति परीक्षा में कदाचार, नकल या किसी भी अवैध गतिविधि में शामिल पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन हर स्तर पर सतर्क रहेगा.
अभ्यर्थियों के लिए जरूरी अपील
जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है. साथ ही परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है, ताकि प्रवेश प्रक्रिया और परीक्षा का संचालन बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके.
Also Read: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगा गंगाजल: 15 करोड़ की लागत से बिछेगी पाइपलाइन, अगले महीने होगा काम
Also Read: बिहार के इन 17 जिलों में आज गरज-चमक के साथ होगी भारी बारिश, IMD ने जारी किया डबल अलर्ट
