राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के धरहरा स्थित बाबा भीमशंकर मंदिर की व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ एवं व्यवस्थित करने को लेकर शनिवार देर शाम प्रबुद्धजनों और मंदिर न्यास समिति के पदाधिकारियों की बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता वीरपुर एसडीएम सह बाबा भीमशंकर मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष विनय कुमार ने की. इसमें मंदिर की व्यवस्था, दुकानों के संचालन, पूजा-पाठ, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और आय-व्यय में पारदर्शिता से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई.
मंदिर परिसर की सभी दुकानें होंगी पंजीकृत
एसडीएम विनय कुमार ने मंदिर परिसर में संचालित सभी दुकानों का विधिवत पंजीकरण कराने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि दुकानदारों से प्राप्त राशि को मंदिर न्यास समिति के खाते में जमा कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि मंदिर की आय का नियमित और पारदर्शी लेखा-जोखा रखा जा सके.
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैरिकेडिंग और शेड
मंदिर के सामने श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ नियंत्रण को लेकर स्थायी बैरिकेडिंग एवं शेड निर्माण कराने पर भी चर्चा हुई. इससे पूजा और विशेष अवसरों पर उमड़ने वाली भीड़ को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी और श्रद्धालुओं का आवागमन भी सुगम होगा.
सुबह 4:30 और शाम 7:30 बजे होगी पूजा
बैठक में मंदिर की नियमित पूजा व्यवस्था को लेकर भी निर्णय लिया गया. इसके तहत सुबह 4:30 बजे और शाम 7:30 बजे पूजा कराने की व्यवस्था तय की गयी. मंदिर में पूजा-पाठ की नियमितता बनाए रखने पर समिति की ओर से विशेष जोर दिया गया.
शिवगंगा की सीढ़ियों का होगा विस्तार
एसडीएम ने मंदिर परिसर स्थित शिवगंगा की व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता बतायी. उन्होंने शिवगंगा के चारों ओर सीढ़ियों का विस्तार कराने पर जोर दिया, ताकि श्रद्धालुओं को वहां पहुंचने और आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो.
जिला स्तर की लेखा टीम करेगी ऑडिट
बैठक में मंदिर न्यास समिति के आय-व्यय का जिला स्तर की लेखा टीम से ऑडिट कराने पर सहमति बनी. इससे मंदिर की आय और खर्च का व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार होगा और वित्तीय व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी.
क्यूआर कोड से कर सकेंगे डिजिटल भुगतान
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर में डिजिटल भुगतान की व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया गया. इसके लिए सार्वजनिक स्थान पर क्यूआर कोड प्रदर्शित किया जाएगा. मंदिर की विभिन्न सेवाओं और दुकानों से संबंधित रेट चार्ट भी प्रमुख स्थानों पर स्पष्ट रूप से लगाने पर जोर दिया गया.
सुगम दर्शन और बेहतर सुविधा प्राथमिकता
बैठक में मौजूद प्रबुद्धजनों ने मंदिर की व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए कई सुझाव दिए. एसडीएम ने कहा कि बाबा भीमशंकर मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है. यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं, पारदर्शी व्यवस्था और सुगम दर्शन उपलब्ध कराना न्यास समिति की प्राथमिकता होनी चाहिए.
न्यास समिति के पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में अंचलाधिकारी सह मंदिर न्यास समिति की उपाध्यक्ष रश्मि प्रिया, समिति के सचिव संजीव यादव, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे.
