छातापुर. थाना क्षेत्र के डहरिया पंचायत वार्ड संख्या सात निवासी संजीव कुमार हजारी पर शुक्रवार की सुबह ब्लॉक चौक पर बाइक सवार युवकों ने हमला कर जख्मी कर दिया. जिसे छातापुर सीएचसी में भर्ती कराया गया. बताया जा रहा है कि वह अपनी दो पुत्री को बाइक से कंप्यूटर शिक्षण केंद्र पहुंचाने जा रहे थे. घटना के बाद सभी युवक मौके से फरार हो गये. थाना को दिये आवेदन में पीड़ित ने बताया है कि वह शुक्रवार पूर्वाह्न में वे अपने दो पुत्री को बाइक से मुख्यालय स्थित कंप्यूटर शिक्षण केंद्र पहुंचाने जा रहे थे. इसी बीच वे किसी काम से ब्लॉक चौक पर मनोज किराना दुकान के समीप रुके थे. जहां अचानक तीन युवकों ने आगे से घेर लिया. उनलोगों ने पहले भद्दी-भद्दी व जाति सूचक गाली दी. जिसके बाद युवकों ने रॉड एवं धारदार हथियार से सिर पर प्रहार कर दिया. इस दौरान पिस्टल दिखाकर नकदी व सोने का चेन लूट लिया. बताया है कि मुख्यालय पंचायत निवासी मो आकिब व सोनू कुमार यादव तथा करहवाना निवासी हिमांशु कुमार इस घटना में शामिल थे. सिर पर वार से वे अचेत होकर नीचे गिर गये. मौके पर रहे दोनों पुत्री ने लोगों के सहयोग से उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया. आवेदन में बताया है कि घटना को अंजाम देने वाले सभी युवक असामाजिक तत्व है. इससे पूर्व भी वे लोग कई अपराधिक घटनाओं को अंजाम दे चुका है.
कहते हैं थानाध्यक्ष
थानाध्यक्ष शिवशंकर कुमार ने पूछने पर बताया कि घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
