– खरीददारी को लेकर बाजारों में बढ़ी रौनक – बाजार में मिल रहे कई तरह के सेवई सुपौल शहर के विभिन्न मस्जिदों तथा इबादतगाहों में ईद की तैयारी शुरू हो गई है. प्रबंधन कमेटी द्वारा ईदगाहों में साफ-सफाई का काम पूरा किया जा रहा है. ईद को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ गयी है. ईद नजदीक आते देख बाजार में चहल-पहल तेज हो गई है. खासतौर पर दुकान तथा मॉल में कपड़ों की जमकर खरीदारी चल रही है. सेवइयों की दुकान पर रौनक छाई है. रमजान का महीना खत्म होने पर है. दरवाजे पर सबसे महत्वपूर्ण त्योहार ईद है. लोग अभी से खुश हैं. खुशियां मनाने की तैयारी भी पूरी हो चुकी है. घर के सभी सदस्यों के लिए नए कपड़े खरीदे जा चुके. नए चादर, पर्दा भी खरीदी जा चुकी. कुर्ता, पायजामा सिल कर आ चुका. जो नहीं सिले उसके लिए टेलर को बार बार कहा जा रहा है. ईद के दिन का खास पकवान सेवईयां बनाने के लिए जरुरी हर सामान की खरीद हो चुकी है. दूध और खोये ईद के ही दिन या एक दिन पहले खरीदी जाएगी. इसके लिए पुरुष सदस्य अभी से दूधवाले, मिठाईवाले को सूचना दे चुके हैं. घर की महिलाएं अपनी जरुरत का सामान खरीद चुकी हैं. लेकिन कुछ सामान छूट जा रहे हैं. चूड़ी रह गई वो लेने बाजार जाना है. अब्बू का कुर्ता अब तक टेलर ने नहीं दिया वो भी लाना है. बस ऐसे ही छूट गए सामानों की सूची लेकर अब बाजार आने वाले लोगों की भीड़ है. सबसे अधिक भीड़ सेवई और ड्राई फ्रूट्स की दुकानों पर है. बाजार में तरह-तरह की सेवइयों की कई स्थायी-अस्थायी दुकानें सजी है. इन दुकानों में भीड़ है. लोकल सेवइयों से लेकर बनारस तक के लच्छे मौजूद हैं. लोग अपनी जरुरत के हिसाब से सेवइयां खरीद रहे हैं. इनकी कीमत एक सौ रुपए से लेकर तीन सौ रुपए प्रति किलोग्राम तक है. बनारस और पटना की सेवइयां की डिमांड अधिक है. इसके अलावे ड्राई फ्रूट्स, फल, टोपी और इत्र की दुकानों पर भी भीड़ देखी जा रही है. सेवई की दुकान पर दिखी अधिक भीड़ ईद पर्व में मेहमानों को मुंह मीठा कराने के लिए प्राय: सभी घरों में कई प्रकार के सेवई का पकवान बनाया जाता है. इसलिए लोग बाजार में उपलब्ध विभिन्न प्रकार के सेवई की खरीददारी भी पूरे जोरशोर से करते नजर आने लगे हैं. ग्रामीण क्षेत्र से लेकर शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर भी सेवई की दुकान सजी है और लोग अपने-अपने पसंद की सेवई खरीदने में मशगुल है. बाजारों में बढ़ी रौनक ईद में महज एक सप्ताह बचे होने के कारण ईद का बाजार भी शहर में सज गया है. लोग घरों से बाकायदा सामान की लिस्ट बनाकर शॉपिंग करने पहुंच रहे हैं. ताकि कोई चीज छूट न जाए. इस लिस्ट में कपड़ों से लेकर जूते तक शामिल हैं. देर रात तक नाहरी-कुल्चे और बिरयानी का मजा लेते हुए लोगों की भीड़ शॉपिंग के लिए निकल रही है. लोगों की शॉपिंग का सिलसिला सुबह से शुरू होकर रात तक चल रहा है. डिस्काउंट ऑफर आए ईद के बाजार में शोरूम संचालकों के साथ छोटे दुकानदारों ने भी सेल और डिस्काउंट ऑफर शुरू कर दिए हैं. सबसे ज्यादा ऑफर कपड़े और जूते-चप्पल की दुकानों में हैं. कहीं दो की खरीद सामान पर एक मुफ्त मिल रहा है तो कहीं तीन की खरीद पर दो आइटम मुफ्त. डिस्काउंट भी 50 प्रतिशत तक है. कई बाजारों में दुकानों के आगे सेल और छूट के बैनर नजर आने लगे हैं. यही नहीं, यहां ग्राहकों को रिझाने के लिए गिफ्ट भी दिए जा रहे हैं. मेंहदी की लाली न हो कम ईद करीब आते ही किसी को अपनी मेचिंग की चूड़ियां खरीदने की याद आने लगती है तो किसी को दुपट्टे के किनारी की. हालांकि, ईद की खुशी हो और मेहंदी का रंग न शामिल हो तो बात अधूरी रहती है. ईद के करीब आते ही पार्लर के अलावा मार्केट में जगह-जगह मेहंदी लगानेवाले डिजाइनर्स के स्टॉल लग चुके हैं. अरबी से लेकर जालीवाली हर तरह की डिजाइन बनाने में माहिर ये डिजाइनर 30 से 200 रुपये तक में मेहंदी लगा रहे हैं
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
