पिपरा में गैस एजेंसियों पर प्रशासन की सख्ती, अफवाहों के बीच स्टॉक की जांच

सर्वर समस्या से बुकिंग में हो रही परेशानी

– प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने कई गैस एजेंसियों का किया निरीक्षण कटैया-निर्मली. पिपरा प्रखंड क्षेत्र में एलपीजी गैस की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था का जायजा लेने के लिए प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अरविन्द कुमार ने विभिन्न गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने विभिन्न गैस एजेंसी के गोदामों की जांच कर स्टॉक का मिलान किया तथा एजेंसी संचालकों से गैस सिलिंडर की उपलब्धता और वितरण की जानकारी ली. सर्वर समस्या से बुकिंग में हो रही परेशानी निरीक्षण के दौरान प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अरविन्द कुमार ने बताया कि गैस सिलेंडर की बुकिंग प्रक्रिया में सर्वर की समस्या के कारण कुछ दिक्कतें आ रही हैं. कई बार ओटीपी नहीं मिलने से बुकिंग नहीं हो पा रही है. हालांकि सर्वर ठीक होने के बाद बुकिंग प्रक्रिया सामान्य रूप से हो जाएगी. उन्होंने बताया कि जिन उपभोक्ताओं ने पहले से बुकिंग करा रखी है. उन्हें सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि पिपरा प्रखंड क्षेत्र में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है. लोगों को किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए. सिलिंडर की कीमत में 60 रुपये की वृद्धि इस बीच 14.2 किलोग्राम घरेलू गैस सिलिंडर की कीमत में 60 रुपये की वृद्धि की गई है. साथ ही गैस रिफिलिंग की बुकिंग की न्यूनतम अवधि 15 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है. इसके अलावा आवश्यक सेवा अनुरक्षण अधिनियम (ईएसएमए) के अंतर्गत एलपीजी सिलिंडरों की आपूर्ति को भी शामिल किया गया है. प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि उपभोक्ता मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन या गैस एजेंसी पर जाकर भी गैस सिलिंडर की बुकिंग करा सकते हैं. बुकिंग के बाद प्राप्त ओटीपी के जरिए सिलिंडर का उठाव किया जा सकता है, जो एक सरल और सुरक्षित प्रक्रिया है. अफवाहों से बढ़ी मांग, लेकिन आपूर्ति सामान्य उन्होंने बताया कि एलपीजी गैस सिलिंडरों की कमी की अफवाहों के कारण उपभोक्ताओं में मांग अचानक बढ़ गई है, जिससे कुछ वितरकों के पास अस्थायी रूप से स्टॉक समाप्त हो जा रहा है. हालांकि बॉटलिंग प्लांट से लगातार आपूर्ति मिल रही है. जल्द ही स्टॉक की भरपाई हो जा रही है. वर्तमान स्थिति के आधार पर पर्याप्त एलपीजी स्टॉक उपलब्ध है और तत्काल आपूर्ति संकट की कोई संभावना नहीं है. जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने और कालाबाजारी व जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, थाना अध्यक्ष सहित संबंधित अधिकारी और कर्मी लगातार गैस के उठाव और वितरण की निगरानी कर रहे हैं. किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >