सुपौल में मां कुणालेश्वरी मंदिर में उमड़ती आस्था, नेपाल से भी पहुंचते हैं हजारों भक्त

Aaj Ka Darshan: इंडो-नेपाल सीमा पर स्थित मां कुणालेश्वरी महिषमर्दिनी भगवती मंदिर सिर्फ एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि सीमांचल की आस्था, लोकविश्वास और शक्ति उपासना का जीवंत केंद्र बन चुका है.

Aaj Ka Darshan: सुपौल कुनौली से मनीष सिंह की रिपोर्ट — इंडो-नेपाल सीमा क्षेत्र के कुनौली वार्ड संख्या-16 स्थित श्री श्री 108 मां कुणालेश्वरी महिषमर्दिनी भगवती मंदिर में रोजाना श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. सीमावर्ती इलाके में स्थित यह मंदिर वर्षों से लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है. यहां सिर्फ बिहार ही नहीं, बल्कि नेपाल से भी बड़ी संख्या में भक्त माता के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं. मान्यता है कि मां कुणालेश्वरी अपने भक्तों की हर मनोकामना पूर्ण करती हैं.

सुबह-शाम गूंजता है भक्तिभाव का माहौल

मंदिर परिसर में सुबह की आरती से लेकर शाम की पूजा तक भक्तों की भीड़ बनी रहती है. श्रद्धालु पूरे विधि-विधान और भक्तिभाव के साथ मां अष्टभुजी दुर्गा की पूजा करते हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि मां की कृपा से क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहती है.

मंदिर की विशेषता यह है कि यहां आने वाले भक्तों में सीमावर्ती नेपाल के श्रद्धालुओं की संख्या भी काफी अधिक रहती है. कई श्रद्धालु लंबी दूरी तय कर माता के दरबार में माथा टेकने पहुंचते हैं.

नवरात्र में दिखता है भक्ति का विराट स्वरूप

वैसे तो पूरे साल मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही लगी रहती है, लेकिन नवरात्र के दौरान यहां का दृश्य बेहद खास हो जाता है. इस दौरान मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना, अनुष्ठान और दुर्गा सप्तशती का पाठ होता है. हजारों की संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर मां का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं.

भक्तों का विश्वास है कि मां कुणालेश्वरी के दर्शन मात्र से दुख-दर्द दूर हो जाते हैं और जीवन में सकारात्मक बदलाव आता है. यही वजह है कि सामान्य दिनों में भी यहां श्रद्धालुओं की भीड़ कम नहीं होती.

कोशी रिंग बांध की खुदाई में मिली थी मां की प्रतिमा

स्थानीय मान्यताओं के अनुसार कुनौली-निर्मली कोशी रिंग बांध की खुदाई के दौरान मां की प्रतिमा प्राप्त हुई थी. इसके बाद ग्रामीणों और श्रद्धालुओं के सहयोग से मंदिर का निर्माण कराया गया. 26 जनवरी 1989 को विधिवत मां की प्रतिमा की स्थापना की गयी थी.

मंदिर के पुजारी मुन्ना ठाकुर बताते हैं कि मां कुणालेश्वरी महिषमर्दिनी भगवती के दरबार से कोई भी भक्त खाली हाथ नहीं लौटता. श्रद्धालुओं को यहां मानसिक शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव होता है.

धार्मिक पर्यटन के रूप में बढ़ रही पहचान

सीमावर्ती क्षेत्र में स्थित यह मंदिर अब धार्मिक पर्यटन के रूप में भी अपनी अलग पहचान बना रहा है. यहां आने वाले श्रद्धालु पूजा-अर्चना के साथ स्थानीय संस्कृति और आध्यात्मिक वातावरण का भी अनुभव करते हैं.

Also Read: रोहतास में अपराधियों का तांडव, स्कूल डायरेक्टर को उठा ले गए किडनैपर, 24 घंटे से कोई खोज खबर नहीं

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >