चावल रहते हुए स्कूल में एमडीएम बंद

एसडीओ के निरीक्षण में प्रावि इटहरी में मिली अनियमितता विद्यालय परिसर में साफ-सफाई का भी थी बुरा हाल मरौना : प्रखंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय इटहरी का गुरुवार को अनुमंडल पदाधिकारी ने औचक निरीक्षण किया. एसडीओ अरुण कुमार सिंह अपराह्न 02.30 बजे विद्यालय पहुंचे़ निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में भारी अनियमतता पायी. एसडीओ श्री […]

एसडीओ के निरीक्षण में प्रावि इटहरी में मिली अनियमितता

विद्यालय परिसर में साफ-सफाई का भी थी बुरा हाल
मरौना : प्रखंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय इटहरी का गुरुवार को अनुमंडल पदाधिकारी ने औचक निरीक्षण किया. एसडीओ अरुण कुमार सिंह अपराह्न 02.30 बजे विद्यालय पहुंचे़ निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में भारी अनियमतता पायी. एसडीओ श्री सिंह ने बताया कि विद्यालय में चावल उपलब्ध होने के बावजूद भी 19 जनवरी से मध्याह्न भोजन बंद है.
विद्यालय के प्रधान देव नारायण शर्मा बिना अनुमति के विद्यालय से गायब थे. उन्होंने बताया कि विद्यालय का वर्ग संचालन भी अस्त व्यस्त था. बताया कि परिसर में साफ-सफाई का भी घोर अभाव देखा गया. प्रभारी प्रधानाध्यापिका बेबी कुमारी से एसडीओ श्री सिंह ने पूछताछ की. इस दौरान विद्यालय प्रधान ने बताया कि विद्यालय में मध्याह्न भोजन चावल के अभाव में 19 जनवरी से बंद है. विद्यालय में कुल छह शिक्षकों में से मात्र चार शिक्षक ही उपस्थित थे़
मौके पर एसडीओ श्री सिंह ने छात्र-छात्राओं एवं मध्याह्न भोजन का भौतिक सत्यापन किया. मध्याह्न भोजन प्रखंड संसाधन सेवी विनोद कुमार राम ने एसडीओ को बताया कि विद्यालय में मध्याह्न भोजन का चावल उपलब्ध है़ बावजूद इसके विद्यालय प्रबंधन द्वारा मध्याह्न भोजन को बंद रखा गया है. एसडीओ को जांच के दौरान विद्यालय से मध्याह्न भोजन पंजी गायब मिली. इस पर एसडीओ श्री सिंह ने प्रभारी प्रधानाध्यापिका को फटकार लगाते हुए कहा कि जब विद्यालय में चावल उपलब्ध है,
तो मध्याह्न भोजन बंद रखने का क्या औचित्य है. एसडीओ ने प्रभारी प्रधान से सख्त लहजे में कहा कि उन्होंने विद्यालय में चावल उपलब्ध नहीं होने की झूठी जानकारी क्यों दी. क्यों ना आपके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाये. एसडीओ श्री सिंह ने बताया कि भौतिक सत्यापन के दौरान विद्यालय के 253 छात्र-छात्राओं में से मात्र 99 छात्र-छात्रायें ही उपस्थित थे. शिक्षक उपस्थिति पंजी के निरीक्षण में पाया कि सहायक शिक्षिका मीनू कुमारी एक सप्ताह से चिकित्सा अवकाश पर है़ं, जबकि उनके द्वारा विद्यालय को प्रस्तुत आवेदन में दिनांक भी अंकित नहीं था.
सहायक शिक्षिका किरण कुमारी दो दिनों से बिना कोई आवेदन दिये ही अनुपस्थित थीं. एसडीओ श्री सिंह ने प्रखंड संसाधन सेवी विनोद कुमार राम को एक सप्ताह के अंदर मध्याह्न भोजन से संबंधित सभी प्रतिवेदन कार्यालय को समर्पित करने का निर्देश दिया.श्री सिंह ने बताया कि विद्यालय में साफ-सफाई व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का घोर अभाव पाया गया. उन्होंने विद्यालय से अनुपस्थित प्रधान व सहायक शिक्षकों का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण पूछने की बात कही.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >