निर्मली : अनुमंडल कार्यालय वेश्म में गुरुवार को बिहार राज्य के निर्वाचक सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर सभी राजनीतिक दल व पदाधिकारियों के बीच बैठक हुई. एसडीओ अरुण कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में नये मतदाताओं के नाम शामिल किये जाने पर चर्चा की गयी. बैठक को संबोधित करते हुए एसडीओ श्री सिंह ने कहा कि ऐसे मतदाता जिन्होंने 01.01.2016 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं,
सभी का नाम बीएलओ के माध्यम से सूची में जोड़ना सुनिश्चित किया जाये. कहा कि इसके लिये क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधि व राजनीतिक दल अपने-अपने टोले मुहल्ले में जागरूकता लाकर नये मतदाताओं का नाम जोड़ना सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि आपस में सामंजस्य बिठाकर कार्य करें, तो इसका अनुकूल प्रभाव मतदाता सूची में देखा जा सकता है.
एसडीओ श्री सिंह ने कहा कि बिहार राज्य के निर्वाचन सूची के विषेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के निमित्त सभी पंचायत में 07.02.2016 को ग्राम सभा बुलाकर जागरूकता लाया जाए. वहीं बीएलओ के माध्यम से 14 से 21 फरवरी को बूथ पर मतदाता सूची लेकर नये मतदाताओं का नाम जोड़ना सुनिश्चित करें. जबकि 02 से 22 फरवरी तक आपत्तियों के निराकरण की तिथि निर्धारित की गई है.
मौके पर उपस्थित प्रखंड विकास पदाधिकारी सह निर्वाची पदाधिकारी को निर्देश देते हुए एसडीओ श्री सिंह ने कहा कि प्रखंड में बीएलओ की बैठक बुलाकर निर्वाचक सूची पुनरीक्षण का कार्य कराना सुनिश्चित करे. बैठक में अवर निर्वाचन पदाधिकारी संतोष कुमार सिंह, बीडीओ परशुराम सिंह, सहायक निर्वाची पदाधिकारी संदीप कुमार, प्रधान लिपिक शिवशंकर प्रसाद, रवि कुमार, विभिन्न राजनीतिक दलों के अनिल कुमार यादव,मो. उस्मान, कमल प्रसाद यादव, राजाराम गुप्ता, षिव प्रसाद, राकेश यादव, नीतीश कुमार आदि उपस्थित थे.
