गृह स्वामी मनोज अग्रवाल सपरिवार गये हैं नेपाला
चोरी हुए सामान की नहीं मिल सकी सही जानकारी
सुपौल : स्थानीय लोहिया नगर चौक के समीप केरोसिन डीपो के सामने गृह स्वामी की अनुपस्थिति में चोरों ने घर का दरवाजा तोड़ कर चोरी की घटना को अंजाम दिया. गृह स्वामी मनोज अग्रवाल के सपरिवार बाहर रहने की वजह से चोरी गये सामानों की सही जानकारी नहीं मिल पायी है. सूचना के बाद सदर थाना पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लिया. जानकारी अनुसार गृह स्वामी सपरिवार अपने संबंधी के घर काठमांडू गये हुए हैं.
उनके भाई सुरेश अग्रवाल ने बताया कि उनकी अनुपस्थिति में घर की देखरेख की जिम्मेवारी उन्हीं पर थी. शनिवार को वे अपने दुकान पर चले गये थे. वापस आने पर पाया कि घर का दरवाजा टूटा हुआ है तथा सभी सामान बिखरा है. उन्होंने बताया कि भाई के वापस आने के बाद ही चोरी गये सामानों की सही जानकारी मिल पायेगी.
इस बाबत सदर थानाध्यक्ष राम इकबाल यादव ने बताया कि इस संबंध में उन्हें किसी प्रकार की लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुआ है. मामले की छानबीन की जा रही है.
