सुपौल : सिस्टम में कई प्रकार की खामियां है, जिसे दूर करने का प्रयास किया जा रहा है.जन वितरण प्रणाली विक्रेता तो छोटी मछली है. बड़ी मछली को पकड़ना है. इसके बाद सूबे की आठ करोड़ जनता का भला हो सकेगा. उक्त बातें राज्य खाद्य निगम के अध्यक्ष डॉ अस्तउल्लाह बुखारी ने रविवार को स्थानीय सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा जारी निर्देश के अनुसार सूबे में जन वितरण प्रणाली के विक्रेताओं के निबंधन रद्द करने के मामले की अपीलीय सुनवाई अब आयुक्त व समाहर्ता नहीं करेंगे,
बल्कि अनुमंडल पदाधिकारी के बाद इस मामले की सुनवाई जिला जन शिकायत निवारण पदाधिकारी करेंगे. उन्होंने बताया कि प्रेस वार्ता से पूर्व अनुश्रवण समिति की बैठक में जिले के तीन एसडीओ व डीजीएम अनुपस्थित रहे. इस कारण कई बिंदुओं की चर्चा नहीं हो सकी. ऐसे पदाधिकारी पर कार्रवाई की अनुशंसा की जायेगी. प्रेस वार्ता में अध्यक्ष ने आयोग के पूर्व अध्यक्ष व सदस्य पर आरोप लगाते कहा कि उनके द्वारा सूबे में टी पार्टी जैसा अनुश्रवण किया गया, जिसका अभिलेख उपलब्ध नहीं है.
राज्य के बीस प्रतिशत कार्डधारी राज्य से बाहर रह रहे हैं. इस स्थिति में आज तक का इतिहास नहीं है कि डीलर द्वारा खाद्यान्न लौटाया गया हो, आखिर ये खाद्यान्न कहां जा रहा. कहा कि परिवहनकर्ता, डीलर और इसके पदाधिकारी द्वारा इस सिस्टम को हाईजेक कर लूट-खसोट मचाया जा रहा है. इसे किसी भी सूरत में बरदास्त नहीं किया जायेगा. इसकी सूचना राज्य सरकार को दी जायेगी.
