बीडीओ ने योजनाओं का भुगतान अविलंब करने का दिया आश्वासन
छातापुर : प्रखंड क्षेत्र में पुनर्वास व इंदिरा आवास योजनाओं में लाभुकों को दी जाने वाली प्रथम व द्वितीय किस्त की राशि के भुगतान के नाम पर पंचायत व प्रखंड कार्यालय के कर्मियों द्वारा रिश्वत लेने का मामला सामने आया है. कर्मियों द्वारा मांगी जा रही अवैध राशि नहीं देने पर लंबित रखे गये भुगतान से आक्रोशित लक्ष्मीपुर खूंटी पंचायत के दर्जनों लाभुकों ने गुरुवार को प्रखंड कार्यालय परिसर में प्रदर्शन किया.
स्थानीय मुखिया किशोर कुमार मुन्ना व पैक्स अध्यक्ष चंद्र देव पासवान के नेतृत्व में प्रखंड कार्यालय पहुंचे इंदिरा आवास लाभुकों ने रिश्वत मांगने तथा जान-बूझ कर भुगतान में विलंब करने वाले कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई व योजना की राशि के अविलंब भुगतान की मांग की. प्रदर्शन के बाद लाभुकों का हुजूम बीडीओ वेश्म पहुंचा और बीडीओ मो परवेज आलम के पास अपनी शिकायत दर्ज करायी. योजनाओं के संचालन में व्यापक स्तर पर मिली शिकायत से नाराज बीडीओ ने इंदिरा आवास व पुनर्वास योजनाओं का भुगतान अविलंब करने व दोषी कर्मियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया.
शिकायतकर्ताओं की संख्या अधिक रहने के कारण बीडीओ ने परिसर में कर्मियों को टेबल लगा कर अलग-अलग शिकायत दर्ज करने को कहा. अपनी व्यथा सुनाते लाभुकों ने कहा कि इंदिरा आवास में प्रथम किस्त भुगतान के नाम पर तीन हजार रुपए लिया गया, अब द्वितीय किस्त के लिए दो हजार रुपये की मांग की जा रही है.
भुगतान नहीं होने के कारण लंबे समय से भवन निर्माण अधूरा है. बताया कि यही स्थिति पुनर्वास योजना की भी है.अवैध राशि के लिए कार्यालय कर्मियों द्वारा जान-बूझ कर त्रूटिपूर्ण अभिश्रव बैंक को भेजा जाता है और लाभुक कार्यालय व बैंक शाखाओं का चक्कर लगा कर परेशान होते रहते हैं.
