पलासी: थाना क्षेत्र के हसनपुर चौक से शनिवार को एक नाबालिग लड़की का अपहरण कर ले जा रही महिला को स्थानीय ग्रामीणों ने संदेह के आधार पर पकड़ कर पलासी थाना पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस को सौंपी गयी दस वर्षीया मुस्कान किशनगंज जिला के टेढ़ागाछ प्रखंड अंतर्गत फुलबड़िया गांव की है. उसके पिता मो चमारू व मां गुलसा खातून है. वहीं अपहरण की आरोपी गिरफ्तार महिला पूर्णिया जिले के दमका गांव जिरो माइल पूर्णिया की रूपा देवी पति परवेज आलम है. ग्रामीणों की सतर्कता से इस तरह एक नाबालिग लड़की मानव व्यापार गिरोह के चंगुल में फंसने से बाल-बाल बच गयी.
मुस्कान अपने घर से शुक्रवार की सुबह से ही लापता थी. उसके माता-पिता ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका पता नहीं चल पा रहा था. पूछताछ के क्रम में लड़की की मां गुलसा खातून कलियागंज पहुंची तो कुछ लोगों ने बताया कि एक महिला एक बच्ची को लेकर पलासी की ओर गयी है. वह पीछा करते हुए पलासी की ओर बढ़ी तो हसनपुर चौक पर लोगों ने बताया कि एक महिला को एक बच्ची के साथ पकड़ कर पलासी पुलिस के हवाले किया गया है. इसके बाद गुलसा खातून पलासी थाना पहुंची, जहां उसने अपनी बच्ची की पहचान की. गुलसा खातून ने बताया कि उसकी बेटी शुक्रवार की सुबह से ही घर से गायब हो गयी थी. थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि सारी घटना की जानकारी वरीय पदाधिकारी को दे दी गयी है.
अपहर्ता महिला व बरामद बच्ची पलासी थाना में है. बच्ची की मां के बयान पर पलासी थाना में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है. उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला देह व्यापार से संबंधित अंतर जिला गिरोह की सरगना जान पड़ती है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
