Supaul : 40 किमी फ्लैग मार्च में BSAP की 1018 महिला जवानों ने दिखाया दम
बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस बल (बीएसएपी) 12 और 15 में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं 1018 महिला पुलिस जवानों ने 40 किलोमीटर का फ्लैग मार्च निकालकर अपने साहस, अनुशासन और शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन किया.
वीरपुर/सुपौल से प्रमोद कुमार की रिपोर्ट :
बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस बल (बीएसएपी) 12 और 15 में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं 1018 महिला पुलिस जवानों ने 40 किलोमीटर का फ्लैग मार्च निकालकर अपने साहस, अनुशासन और शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन किया. यह फ्लैग मार्च उनके प्रशिक्षण कार्यक्रम का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसका उद्देश्य जवानों को हर परिस्थिति के लिए तैयार करना है. प्रशिक्षण के तहत कराया जाने वाला यह लंबा पैदल मार्च इसलिए भी अहम माना जाता है, ताकि आपात या विकट परिस्थितियों में, जब वाहनों की सुविधा उपलब्ध न हो, तब भी जवान बिना थके अपने कर्तव्य स्थल तक पहुंच सकें. इस दौरान जवानों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ तय दूरी को पार किया. सीडीओ अशोक सिंह कुंके ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक प्रशिक्षु जवान को अपनी ट्रेनिंग अवधि के दौरान तीन से चार बार ऐसे लंबी दूरी के पैदल मार्च से गुजरना पड़ता है. उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण का अनिवार्य पाठ है, जो जवानों के आत्मविश्वास और सहनशक्ति को मजबूत करता है. उन्होंने बताया कि इससे पहले 20 किलोमीटर का फ्लैग मार्च सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है. आज का यह मार्च बीएसएपी कैंप से शुरू होकर नरपतपट्टी तक गया और वहां से पुनः कैंप वापस लौटा. इस फ्लैग मार्च ने न सिर्फ महिला जवानों की दृढ़ इच्छाशक्ति को दर्शाया, बल्कि यह भी साबित किया कि वे किसी भी चुनौतीपूर्ण स्थिति का सामना करने के लिए पूरी तरह सक्षम हैं.